टिहरी, PAHAAD NEWS TEAM

गढ़वाल के सांसद और पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने देवप्रयाग नगर में जनसंपर्क करते हुए लोगों से भाजपा प्रत्याशी विनोद कंडारी के पक्ष में मतदान करने की अपील की. इस दौरान लोगों ने उन्हें पिछले साल मई में आई आपदा से ध्वस्त पुलिया, रास्तों के साथ-साथ नए आईटीआई भवन के निर्माण के संबंध में पत्र भी सौंपा.

पौड़ी सांसद तीरथ सिंह रावत ने देवप्रयाग नगर पालिका स्थित शांति बाजार, संगम मार्केट, मेन मार्केट सहित पौडी जिले के बाह बाजार में जनसंपर्क किया. उन्होंने कहा कि सरकार ने तीर्थ पुजारियों की भावनाओं के अनुरूप देवस्थानम बोर्ड को समाप्त कर दिया है. देवप्रयाग में संगम तक पहुंचने के लिए टोडेश्वेर पुल का निर्माण किया जा रहा है। राज्य आंदोलनकारी हरे कृष्ण भट्ट ने भी सांसद को एक पत्र सौंपा, जिसमें शिकायत की गई थी कि पिछले साल मई में शांता नदी की आपदा से ध्वस्त आईटीआई के पुनर्निर्माण पर निर्णय नहीं लिया गया . इसके साथ ही उन्होंने देवप्रयाग में नई पुलिया और नई सड़कें नहीं होने से जनता को हो रही समस्याओं के बारे में भी बताया. देवप्रयाग दौरे में सांसद के साथ विधानसभा चुनाव संयोजक ज्योति कैतुरा , सह संयोजक सुधीर मिश्रा, सांसद प्रतिनिधि शशि ध्यानी, मंडल अध्यक्ष अशोक तिवारी, डॉ. बीएस रावत, रजनी सयाना आदि उपस्थित थे.