टिहरी , PAHAAD NEWS TEAM
उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2022 में न सिर्फ उत्तराखंड के राजनेता बल्कि विदेशों के व्यापारी भी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं. जी हां, उत्तराखंड के रहने वाले जापान में अपना धंधा जमा चुके दर्शन लाल आर्य ने घनसाली विधानसभा सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर ताल ठोकी है. हालांकि दर्शन लाल ने पहले बीजेपी से टिकट की मांग की थी. लेकिन टिकट नहीं मिलने के बाद वह निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनावी मैदान में उतरे हैं.
पहाड़ न्यूज से खास बातचीत में दर्शन लाल आर्य ने अपनी समस्याएं गिनाईं। उन्होंने कहा कि जीत के बाद होटलों में काम करने वाले युवाओं के लिए नीति बनाई जाएगी, ताकि उनके बच्चों का भविष्य सुरक्षित हो सके और उन्हें विदेश में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े. उन्होंने कहा कि घनसाली एक ऐसा पर्यटन स्थल है जिसे दुनिया के नक्शे पर उकेरा जा सकता है।
उन्होंने कहा कि घनसाली तिब्बत से लगा हुआ है और यहीं से हमारे पूर्वज सिर्फ एक दिन में चार धाम की यात्रा करते थे। उस यात्रा मार्ग को खोजने के लिए काम किया जाएगा। उन्होंने घनसाली के लोगों से अनुरोध किया कि मुझे अपना आशीर्वाद दे ताकि मैं घनसाली की सभी समस्याओं का समाधान कर सकूं।

