हरिद्वार, PAHAAD NEWS TEAM

हरिद्वार के कनखल थाना क्षेत्र में देर रात उस समय बवाल हो गया, जब पीठासीन अधिकारी ने बंगाली मोड़ पर कांग्रेस प्रत्याशी ब्रह्मचारी का पोस्टर उतार दिया. खबर मिलते ही बड़ी संख्या में कांग्रेस समर्थक मौके पर पहुंचे और अधिकारी का घेराव किया। बढ़ती भीड़ और हंगामे को देख अधिकारी अपनी सफाई देते रहे लेकिन उनकी किसी ने नहीं सुनी। हंगामे की सूचना पर कनखल थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और मामला शांत कराया।

कांग्रेसियों ने आरोप लगाया कि भाजपा प्रत्याशी के कहने पर प्रशासन की टीम यह कार्रवाई कर रही है, अगर अधिकारी को पोस्टर उतारना होता तो उसे हटाकर गाड़ी में रख देते, लेकिन पोस्टर फाड़ने की क्या जरूरत थी. ? इस खबर के बाद बड़ी संख्या में कांग्रेस समर्थक मौके पर जमा हो गए और हंगामा किया.

कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थक आशीष भारद्वाज का कहना है कि रात में जाते समय उन्होंने देखा कि एक अधिकारी द्वारा कांग्रेस प्रत्याशी का बैनर फाड़ा जा रहा है, जबकि कनखल में लगाए गए इस बैनर के लिए जिला प्रशासन से अनुमति ले ली गई है. उन्होंने कहा कि अधिकारियों को केवल मोहरा बनाया जा रहा है, जबकि भाजपा के दो युवक भी बैनर फाड़ने में शामिल थे। उन्होंने आरोप लगाया कि जिला प्रशासन सत्ता पक्ष के साथ मिलकर कांग्रेस का बैनर और झंडा उतारने में लगा है, जिसकी हम निंदा करते हैं.

पीठासीन अधिकारी जोत सिंह का कहना है कि उन्होंने बैनर को नहीं फाड़ा, बल्कि उतारा है । इस बैनर को लेकर चुनाव आयोग की वेबसाइट पर शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसे वह यहां देखने आए थे। आसपास के लोगों से इस बैनर के बारे में पूछा गया लेकिन सभी ने इसे लगाने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि हमारे पास शिकायत दर्ज कराई गई है।