नई दिल्ली, PAHAAD NEWS TEAM

बीआर चोपड़ा के सीरियल महाभारत में भीम का किरदार निभाने वाले अभिनेता प्रवीण कुमार सोबती का निधन हो गया। प्रवीण कुमार 74 साल के थे। प्रवीण अपने विशाल कद के लिए जाने जाते थे। उन्होंने बॉलीवुड की कई फिल्मों में खलनायक की भूमिका निभाई। साढ़े 6 फीट लंबे अभिनेता और खिलाड़ी पंजाब के रहने वाले थे।

प्रवीण कुमार थे बीमार, पत्नी कर रही थी देखभाल

पिछले साल दिसंबर में प्रवीण कुमार ने बताया था कि वह लंबे समय से घर में हैं। सेहत ठीक नहीं रहती और खान-पान में कई तरह के परहेज होते हैं। रीढ़ की हड्डी में समस्या है। घर में पत्नी वीना प्रवीण कुमार का ख्याल रखती हैं। एक बेटी की शादी मुंबई में हुई है।

आर्थिक तंगी का सामना कर रहे थे

‘महाभारत’ में भीम के रोल में प्रवीण कुमार सोबती को काफी पसंद किया गया था। अपनी मृत्यु से पहले, प्रवीण कुमार सोबती वित्तीय संकट का सामना कर रहे थे। उन्होंने सरकार से मदद की गुहार भी लगाई थी.

खेल जगत में परचम लहराया

अभिनय से पहले, प्रवीण एक हैमर और डिस्कस थ्रो एथलीट थे। उन्होंने एशियाई खेलों में 2 स्वर्ण, 1 रजत और 1 कांस्य जीता था। उन्होंने एशियाई और कॉमनवेल्थ गेम्स में पदक जीतकर देश का नाम रौशन किया था. उन्हें अर्जुन पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया था। खेल की दुनिया में नाम कमाने के बाद उन्हें सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की नौकरी भी मिल गई, लेकिन कुछ साल बाद प्रवीण कुमार सोबती ने अभिनय करने का मन बना लिया और फिर कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा।

पेंशन पर थी नाराजगी

पेंशन को लेकर प्रवीण कुमार ने कहा था कि उन्हें पंजाब की तमाम सरकारों से शिकायतें हैं जो आईं. एशियाई खेलों या पदक जीतने वाले सभी खिलाड़ियों को पेंशन दी गई, लेकिन उन्हें वंचित रखा गया, जबकि सबसे ज्यादा गोल्ड मेडल जीते । वह कॉमनवेल्थ का प्रतिनिधित्व करने वाले एकमात्र एथलीट थे। फिर भी पेंशन के मामले में उनके साथ सौतेला व्यवहार किया । हालांकि अब उन्हें बीएसएफ से पेंशन मिल रही है।