श्रीनगर , PAHAAD NEWS TEAM
कांग्रेस के पूर्व सचिव कैप्टन (रि.) प्रवीन दावर ने भाजपा सरकार पर वन रैंक वन पेंशन को लेकर पूर्व सैनिकों के साथ धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि एक तरफ जहां भाजपा सरकार अपने राजनीतिक हितों की पूर्ति के लिए सेना के बलिदान और पराक्रम का इस्तेमाल कर रही है, वहीं दूसरी तरफ सेना के हितों पर हमला कर रही है. जो पूर्व सैनिकों के साथ पूर्ण विश्वासघात है।
प्रवीन दावर ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने 2014 में वन रैंक वन पेंशन (ओआरओपी) को मंजूरी दी थी, लेकिन बीजेपी सरकार ने ओआरओपी के कांग्रेस के आदेश को खारिज करते हुए 2015 में जवानों से ओआरओपी पूरी तरह से छीन लिया था. जबकि भूतपूर्व सैनिक स्वास्थ्य योजना ईसीएचएस के बजट में 1990 करोड़ की कटौती की गई थी। जिससे पूर्व सैनिकों और अधिकारियों को चिकित्सा सुविधा नहीं मिल पा रही है।
प्रवीन दावर ने कहा कि हाल ही में सरकार द्वारा जारी आम बजट में गरीब और मध्यम वर्ग के लोगों के लिए कोई छूट नहीं दी गई है. इसने केवल पूंजीपतियों के लाभ के लिए काम किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के सात वर्षों में अमीर और गरीब के बीच की खाई बढ़ती जा रही है।

