देहरादून, PAHAAD NEWS TEAM

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी आज उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी का घोषणापत्र जारी करेंगे. भाजपा का घोषणापत्र दोपहर 12 बजे देहरादून स्थित एक होटल में जारी किया जाएगा। वहीं कई विपक्षी दल चुनावी घोषणापत्र में देरी को लेकर बीजेपी पर निशाना साध रहे थे. ऐसे में आखिरकार चुनाव से कुछ दिन पहले बीजेपी उत्तराखंड के मतदाताओं के बीच अपना घोषणापत्र ला रही है.

बता दें कि बीजेपी ने घोषणापत्र जारी करने के लिए पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक की अध्यक्षता में एक कमेटी बनाई थी. ऐसे में सभी 70 विधानसभा सीटों से हजारों सुझाव भी मिले, लेकिन पार्टी घोषणापत्र जारी करने में कांग्रेस और अन्य पार्टियों से पीछे रह गई. जिससे भाजपा विपक्षी दलों के निशाने पर भी रही। चुनाव प्रचार के लिए उत्तराखंड पहुंचे कांग्रेस प्रवक्ता गौरव वल्लभ ने कहा कि जो पार्टी नेता चुनावी घोषणा पत्र तक नहीं लिख सकते उन्हें चुनाव से पहले इस्तीफा दे देना चाहिए.

हालांकि बीजेपी ने उत्तराखंड चुनाव के लिए अपना घोषणापत्र तैयार कर लिया है. खास बात यह है कि इस घोषणा पत्र में बीजेपी ने हर तबके का ख्याल रखा है. यह घोषणापत्र विकास के मुद्दों को लेकर तैयार किया गया है। जिसे केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी आज देहरादून पहुंचकर जारी करेंगे।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, घोषणापत्र समिति के प्रदेश संयोजक, पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक सहित पार्टी के अन्य सदस्य व वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे. वहीं, इसके बाद दोपहर तीन बजे नितिन गडकरी ऋषिकेश में भाजपा प्रत्याशी प्रेमचंद अग्रवाल के पक्ष में जनसभा को संबोधित कर जनता से मतदान करने की अपील करेंगे.