पिथौरागढ़ , PAHAAD NEWS TEAM
भारत-नेपाल सीमा को जोड़ने वाले सभी पुलों को मतदान से 72 घंटे पहले सील कर दिए जाएंगे. इसके अलावा अराजक तत्वों की घुसपैठ की आशंका को देखते हुए सेना, आईटीबीपी, एसएसबी और पुलिस के जवान सीमा पर गश्त करेंगे और सुरक्षा व्यवस्था को चाक चौबंद करेंगे . सीमा पुल को सील करने की तैयारियों को लेकर चुनाव आयोग की ओर से सभी संबंधित सुरक्षा एजेंसियों और नेपाली प्रशासन को पत्र भेज दिया गया है.
वोटिंग प्रक्रिया खत्म होने के बाद ही इंटरनेशनल बॉर्डर ब्रिज खोला जाएगा। 4 दिनों तक पुल बंद रहने से नेपाल और भारत के बीच आवाजाही ठप हो जाएगी। इसे देखते हुए नेपाली नागरिकों ने अब से भारतीय बाजारों से आवश्यक वस्तुओं की खरीदारी तेज कर दी है।
चुनाव आयोग के निर्देश पर मतदान के दिन को ध्यान में रखते हुए 11 फरवरी से 14 फरवरी तक भारत-नेपाल सीमा को पूरी तरह सील कर दिया जाएगा. उत्तराखंड में भारत की 275 किलोमीटर की सीमा नेपाल साझा करता है। इन क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच संबंध सदियों से कायम हैं। इतना ही नहीं दोनों देश व्यापार के लिए भी एक दूसरे पर निर्भर हैं। उत्तराखंड में भारत और नेपाल के बीच आवाजाही के 8 मार्ग हैं। इनमें से 7 पिथौरागढ़ में जबकि 2 चंपावत में हैं।
पिथौरागढ़ जिले की बात करें तो भारत-नेपाल सीमा पर काली नदी पर सीतापुल, ऐलागाड़, धारचूला, बलुवाकोट, जौलजीबी, झूलाघाट और डोडा में झूलापुल और लकड़ी पुल हैं। जबकि चंपावत जिले में बनबसा और ब्रह्मदेव दो मोटर पुल हैं। मतदान के दिन रणनीतिक सुरक्षा को देखते हुए इन सभी झूलापुल और मोटरपुलों को सील कर दिया जाएगा. ताकि बाहरी घुसपैठ को रोका जा सके और शांतिपूर्ण तरीके से मतदान कराया जा सके.

