देहरादून, PAHAAD NEWS TEAM

उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2022 के लिए वोटिंग हो चुकी है. इस दौरान विभिन्न सीटों पर कांग्रेस के लिए प्रचार करने वाले पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत भी देहरादून पहुंचे और अपने अनुभव साझा किए. PAHAAD NEWS से बात करते हुए हरक सिंह रावत ने कई अहम बातें शेयर की और हरीश रावत के मोदी लहर के बयानों पर अपना रिएक्शन भी दिया.

उत्तराखंड राज्य में विधानसभा चुनाव के बाद नेता और उम्मीदवार देहरादून पहुंच रहे हैं. इस दौरान वह अपनों से संपर्क कर चुनाव पर खूब चर्चा करते नजर आ रहे हैं। उत्तराखंड की राजनीति का बड़ा चेहरा और पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत भी देहरादून पहुंचे। इस दौरान उन्होंने PAHAAD NEWS से बात करते हुए कई मुद्दों पर बात की. हरक सिंह रावत ने कहा कि कांग्रेस 40 से ज्यादा सीटों के साथ सरकार बनाने जा रही है. इतना ही नहीं हरीश रावत के उस बयान पर हरक सिंह रावत उन्हें सलाह देते नजर आए, जिसमें उन्होंने मुख्यमंत्री बनने या घर बैठे रहने की बात कही थी.

हरक सिंह रावत ने कहा कि इस समय पूरी कांग्रेस पूर्ण बहुमत से सरकार बनाने पर ही काम कर रही है. ऐसे में किसी भी नेता को इस तरह के बयान देने से बचना चाहिए. हरक सिंह रावत ने कहा कि उन्होंने राज्य की विभिन्न विधानसभा सीटों पर प्रचार किया है. उन्होंने देखा कि जनता व्यक्तिगत रूप से भाजपा उम्मीदवारों को पसंद नहीं कर रही है, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का क्रेज अभी भी मौजूद है और लोग प्रधानमंत्री मोदी के नाम पर वोट डाल रहे थे।