देहरादून , PAHAAD NEWS TEAM
लंबे इंतजार के बाद आखिरकार राज्य के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल दून मेडिकल कॉलेज में एमआरआई जांच शुरू हो गई है. दून अस्पताल में पिछले दो साल से एमआरआई जांच ठप थी। नई एमआरआई मशीन आने से मरीजों को काफी राहत मिली है। पहले दून अस्पताल में आने वाले मरीजों को महंगी फीस देकर निजी लैब में जांच करवानी पड़ती थी।
शासकीय दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल देहरादून के उप चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एन एस खत्री के अनुसार सोमवार को काफी संख्या में मरीज जांच कराने पहुंचे थे. ऐसे में पहले दिन 20 मरीजों ने मैग्नेटिक रेजोनेंस इमेजिंग का फायदा उठाया। उन्होंने बताया कि जो लोग लंबे समय से एमआरआई टेस्ट को लेकर परेशान थे, उन्हें यह सुविधा मिली है.
उप चिकित्सा अधीक्षक एनएस खत्री ने कहा कि विशेष रूप से आयुष्मान कार्ड धारकों में काफी खुशी है. क्योंकि पहले लोगों को मैग्नेटिक रेजोनेंस इमेजिंग स्कैन (एमआरआई) के महंगे टेस्ट कराने में काफी दिक्कत होती थी, लेकिन अब वह समस्या भी दूर हो गई है। उन्होंने बताया कि रविवार को भी इमरजेंसी एमआरआई टेस्ट किया जा सकता है.
गौरतलब है कि दून अस्पताल में एमआरआई टेस्ट करीब 2 साल से बंद था। यह सुविधा नहीं होने से मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। दुर्घटना, हड्डी और न्यूरो संबंधित मरीजों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था और मजबूरन उन्हें निजी केंद्रों में एमआरआई जांच करानी पड़ी। जहां यह जांच 8 से 10 हजार रुपए में की जाती है। वहीं, दून अस्पताल में साढ़े तीन हजार रुपये में यह टेस्ट किया जाता है.

