डोईवाला , PAHAAD NEWS TEAM
डोईवाला विधानसभा क्षेत्र के रानीपोखरी स्थित दुजियावाला गांव समेत आसपास के कई गांवों में पानी की बड़ी समस्या है. रानीपोखरी जल संस्थान की नई और पुरानी पाइपलाइनों का पानी लोगों के घरों तक पहुंचता है या नहीं, लेकिन पानी का बिल लोगों के घरों तक जरूर पहुंच रहा है.
हर एक से दो महीने के बाद ही जलाशय के ट्यूवैल की मोटर खराब हो जाती है और ट्यूवैल सही होता है, तो लाइट की समस्या होती है। जिससे आसपास के गांवों के सभी लोगों को पीने का पानी नहीं मिल पाता है, जिससे उन्हें काफी दिक्कत और परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
कई बार कर्मचारियों द्वारा पानी के टैंकर को घर पहुंचने का निर्देश दिया जाता है, लेकिन टैंकर भी घरों तक नहीं पहुंचता है. करीब 15 साल पहले भी दुजियावाला गांव के निवासी कुएं से पीने का पानी भरते थे, उस समय भी पानी की कमी थी और आज के आधुनिक और विकसित समय में पीने के पानी को लेकर कई समस्याएं हैं.
उस समय भी जब कुएं का पानी सूख गया तो ग्रामीणों को पानी के लिए बड़कोट जाना पड़ा। आज के समय में भी पीने के पानी को लेकर परेशानी कम नहीं है. सरकार को वर्षों बीत गए, लेकिन समस्या जस की तस है, इस पूरे क्षेत्र में एक भी अच्छा ट्यूवैल नहीं है, जिससे लोगों की पानी की समस्या का समाधान हो सके. अगले एक-दो महीने में गर्मी शुरू होने वाली है, जिसमें तापमान आसमान को छूने वाला है, अगर सरकार ने अभी से ग्रामीणों के लिए पानी की कोई व्यवस्था नहीं की तो पानी की कमी के कारण ग्रामीणों को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है ।

