चमोली , PAHAAD NEWS TEAM
पीपलकोटी क्षेत्र में पिछले 3 दिनों से अलकनंदा नदी के तट पर एक गाय फंसी हुई थी. पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने संयुक्त रूप से गाय को रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाला. पुलिस ने क्रेन की मदद से गाय को बचाया। पुलिस के इस काम की चारों तरफ तारीफ हो रही है.
बता दें कि, स्थानीय लोगों ने 22 फरवरी को पुलिस को सूचना दी थी कि पीपलकोटी के पास कोडिया के पास एक गाय अलकनंदा नदी के किनारे 150 मीटर नीचे 3 दिन से फंसी हुई है. सामने चट्टान के कारण गाय ऊपर नहीं आ पा रही है। लेकिन मंगलवार (22 फरवरी) को शाम का अंधेरा होने के कारण पुलिस रेस्क्यू नहीं कर पाई।
जिसके बाद बुधवार को चौकी पीपलकोटी की टीम जरूरी उपकरण लेकर मौके के लिए रवाना हो गई। चौकी पीपलकोटी व एसडीआरएफ की टीम ने बचाव कार्य करते हुए क्रेन की मदद से 8-9 घंटे की मशक्कत के बाद गाय को नदी किनारे से सुरक्षित बाहर निकाला. जिसके बाद वह गाय को पशु चिकित्सालय ले गए। गाय के खाने के लिए चारे की व्यवस्था की गई। गाय को प्राथमिक उपचार के बाद नगर पंचायत को सौंप दिया गया।

