देहरादून , PAHAAD NEWS TEAM
उत्तराखंड में 10 मार्च को विधानसभा चुनाव के नतीजे आ रहे हैं. ऐसे में बीजेपी आलाकमान राज्य में सरकार बनाने के तमाम राजनीतिक पहलुओं में लगा हुआ है. इसके साथ ही प्रदेश के वरिष्ठ भाजपा नेताओं की दिल्ली कोर्ट में हाजिरी भी जारी है. इसी क्रम में हरिद्वार से सांसद पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात कर मौजूदा राजनीतिक हालात पर चर्चा की.
आपको बता दें कि प्रदेश में भाजपा सरकार के पांच साल के कार्यकाल में तीन मुख्यमंत्रियों को सत्ता सौंपना इस चुनाव में कहीं न कहीं पार्टी को नुकसान पहुंचा रहा है. साथ ही 2017 के चुनाव की तुलना में इस बार राज्य में मोदी लहर कम असरदार रही. ऐसे में अगर बीजेपी राज्य में बहुमत का आंकड़ा नहीं छू पा रही है तो बीजेपी आलाकमान अभी से अपने प्लान बी पर काम कर रहा है.
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और हरिद्वार के सांसद निशंक की बैठक से भी यही राजनीतिक अर्थ निकाला जा रहा है. हरिद्वार जिले में बसपा और निर्दलीय उम्मीदवारों का दबदबा है. जहां साल 2002 में यहां बसपा ने आठ सीटों पर जीत हासिल की थी. वहीं साल 2007 में सात और 2012 में तीन सीटें बसपा के खाते में आई थीं. वहीं साल 2017 में बसपा प्रत्याशी यहां खाता नहीं खोल पाए थे।
हालांकि बीजेपी को लगता है कि इस बार हरिद्वार जिले में बसपा और निर्दलीय उम्मीदवार कुछ सीटें जीतकर आ सकते हैं. ऐसे में अगर बीजेपी को सरकार बनाने के लिए इन विधायकों की जरूरत है तो बीजेपी उन्हें संभालने के लिए निशंक को फॉरवर्ड कर सकती है. सूत्रों की माने तो यही इस मुलाकात का राजनीतिक अर्थ है।

