मसूरी, PAHAAD NEWS TEAM

गायक लकी अली ने कॉन्वेंट ऑफ जीसस एंड मैरी हैम्पटन कोर्ट स्कूल के 100 साल पूरे होने पर कार्यक्रम में हिस्सा लिया. कार्यक्रम में गायक ने अपने गीतों से उपस्थित सभी श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। पत्रकारों से बात करते हुए लकी अली ने बताया कि उन्होंने छठी कक्षा तक प्रारंभिक शिक्षा कॉन्वेंट ऑफ जीसस एंड मैरी हैम्पटन कोर्ट स्कूल में प्राप्त की। इसके बाद वे सेंट जॉर्ज स्कूल में पढ़ने के लिए मसूरी चले गए।

उन्होंने कहा कि स्कूल ने 100 साल पूरे कर लिए हैं। लेकिन उनके जमाने की आज भी कुछ ऐसी चीजें हैं, जिन्हें देखकर वो बेहद खुश हुए. उन्होंने कहा कि स्कूल को 12वीं कक्षा में अपग्रेड कर दिया गया है, जो खुशी की बात है. स्कूल में शिक्षा प्रदान करने के लिए नई तकनीक अपनाई जा रही है, जिसका फायदा बच्चों को मिल रहा है। वहीं, रूस-यूक्रेन युद्ध पर लकी अली ने कहा कि युद्ध किसी समस्या का समाधान नहीं है। बैठकर समस्या का समाधान हो जाए तो इससे अच्छा और कुछ नहीं हो सकता। युद्ध केवल विनाश की ओर ले जाता है।

उन्होंने कहा कि वह प्रार्थना कर रहे हैं कि युद्ध का अंत हो और सभी लोग शांति से अपना जीवन व्यतीत करें। उन्होंने कहा कि कई गायक और संगीतकार अलग-अलग तरीकों से संगीत पेश कर रहे हैं। लेकिन संगीत में सात स्वर हैं और सभी संगीतकार, गायक आठवें स्वर की तलाश में हैं, जिसमें वह भी शामिल है।