मसूरी , PAHAAD NEWS TEAM
शहर में पेयजल निगम की लापरवाही से एक तरफ जहां लोग परेशान हैं वहीं पूरे शहर को खोद डाला गया है जिससे लोग लगातार चोटिल हो रहे हैं. पेयजल निगम की लापरवाही पर नगर अध्यक्ष अनुज गुप्ता ने विशेष बैठक बुलाकर पेयजल निगम को 31 मार्च तक मॉल रोड बनाने का निर्देश दिया, जबकि अन्य सड़कों पर जब तक खोदी गई सड़क की मरम्मत नहीं की जाती तब तक आगे सड़क नहीं खोदने दी जायेगी ।
नगर परिषद की विशेष बैठक में नगर अध्यक्ष अनुज गुप्ता ने पेयजल निगम के अधिशासी अभियंता के न आने पर नाराजगी व्यक्त की . उन्होंने कहा कि जिस उददेश्य से सड़क खोदने की इजाजत दी गई थी उसमें निगम खरा नहीं उतरा व पूरे शहर को खंडहर में तब्दील कर दिया। उन्होंने कहा कि न तो निगम ने वन विभाग से कोई एनओसी ली है, जबकि खाई में मलबा डाला जा रहा है जिससे पर्यावरण को नुकसान हो रहा है. वहीं लोक निर्माण विभाग और नगर पालिका के इंजीनियरों ने निरीक्षण में काम की गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े किए हैं. वहीं, मलबा डंप किए जाने से नगर पालिका के सभी नालों और पुलियाओं को बंद कर दिया गया है, जिससे आने वाली बारिश में परेशानी होगी. वहीं नगर अध्यक्ष अनुज गुप्ता ने कहा कि बिछाई जा रही पानी की लाइन की जांच तक नहीं की गई, भविष्य में अगर लाइन चोक हो जाती है तो फिर से मॉल रोड खोदी जाएगी, न ही सर्विस लाइन के लिए जगह बनाई जा रही है. वहीं सीवर लाइन भी बिछाई जा रही लाइन के साथ जा रही है, जिससे पानी की लाइन में लीकेज से सीवर का पानी आ सकता है और भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है. उन्होंने यह भी कहा कि यमुना से जो पानी आएगा उसके लिए कहीं भी स्टोरेज टैंक नहीं बन रहे हैं तो पानी कहां जमा होगा. इतना ही नहीं मॉल रोड पर मलबा जमा होने से एंटीक रेलिंग और बेंच भी टूट गए हैं और अन्य सड़कों की रेलिंग भी टूट रही है. वहीं नगर निगम पार्षदों ने अपने वार्डों में घटिया काम करने पर पेयजल निगम पर भी तंज कसा. इस संबंध में पेयजल निगम के सहायक अभियंता भारती रावत व विनोद रतूड़ी ने कहा कि माल रोड का काम मार्च के अंत तक पूरा कर लिया जाएगा, जबकि विभाग अन्य सड़कों पर जल्द से जल्द काम करेगा. उधर, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता राजेंद्र कुमार पाल व कनिष्ठ अभियंता पुष्पेंद्र सिंह ने कहा कि पेयजल निगम का काम मॉल रोड पर पूरा कर लिया जाएगा, लेकिन पूरे माल रोड की कारपेटिंग की जाएगी. बजट आने के बाद। उधर, वन विभाग के उप रेंजर जग जीवन लाल व वन निरीक्षक केशरी चंद नौटियाल ने बैठक में कहा कि पेयजल निगम द्वारा जंगलों व नालों में मलबा इस तरह डाला जा रहा है कि जंगलों को नुकसान पहुच रहा है उनके वाहनों को जो मलवा डालते मिलेंगे चालान किया जायेगा । इस अवसर पर जल संस्थान के सहायक अभियंता अभय भंडारी, पुलिस विभाग से एसआई विनय शर्मा, सहित पालिका सभासद प्रताप पंवार, दर्शन रावत, सरिता पंवार, सरिता कोहली, सुरेश थपलियाल, जसोदा शर्मा, कुलदीप रौंछेला, आरती अग्रवाल आदि भी मौजूद थे ।

