लालकुआं, पहाड़ न्यूज टीम

कांग्रेस के प्रचार प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत उत्तराखंड की वीआईपी सीट लालकुआं से करीब 14 हजार वोटों से हारे . लालकुआं सीट पर हरीश रावत दूसरे नंबर पर थे , जबकि बीजेपी प्रत्याशी मोहन सिंह बिष्ट पहले नंबर पर चल रहे थे .

2019 में बीजेपी प्रत्याशी और अपने भाई को हराया

भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार मोहन सिंह बिष्ट लालकुआं विधानसभा सीट के हल्दूचौड़ इलाके के रहने वाले हैं. साल 2019 में उन्होंने हरिपुर बच्ची जिला पंचायत क्षेत्र से निर्दलीय के रूप में चुनाव जीता था. यह चुनाव मोहन सिंह बिष्ट ने अपने बड़े भाई और भाजपा उम्मीदवार इंदर सिंह बिष्ट के खिलाफ लड़ा था।

बीजेपी ने किया था निष्कासित

दरअसल, 2019 के पंचायत चुनाव के दौरान बीजेपी ने मोहन सिंह बिष्ट की जगह उनके भाई इंदर सिंह बिष्ट को जिला पंचायत चुनाव के लिए प्रत्याशी बनाया था. इस पर मोहन बिष्ट ने बगावत कर दी थी और वह स्वतंत्र मैदान में जाकर जीत गए थे।

तब भारतीय जनता पार्टी ने मोहन बिष्ट के खिलाफ पार्टी विरोधी कार्य करने के लिए कार्रवाई की और उन्हें 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया।

टिकट बंटवारे से पहले धामी ने कराई थी बीजेपी में वापसी

उत्तराखंड में टिकट बंटवारे से ठीक पहले सीएम पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें बीजेपी में शामिल कर लिया. तब कयास लगाए जा रहे थे कि मोहन बिष्ट को टिकट मिल जाएगा। अटकलें सही साबित हुईं और बीजेपी ने लालकुआं सीट से मौजूदा विधायक नवीन दुम्का का टिकट काटकर मोहन बिष्ट को मैदान में उतारा.

छात्र जीवन से ही राजनीति में सक्रिय

मोहन सिंह बिष्ट के राजनीतिक जीवन की बात करें तो उन्होंने नैनीताल के डीएसबी कॉलेज से छात्र संघ का चुनाव जीता था. छात्र जीवन से राजनीति की शुरुआत करने वाले मोहन सिंह बिष्ट उस समय उत्तराखंड सहकारी डेयरी महासंघ (यूसीडीएफ) के अध्यक्ष थे।

लोगों के सुख-दुख में शामिल

मोहन सिंह बिष्ट को जमीनी नेता माना जाता है। उसकी खासियत यह है कि वह सभी के लिए आसानी से उपलब्ध हो जाते है। इतना ही नहीं वह जनसंपर्क के जरिए लगातार सक्रिय हैं। वह अपने क्षेत्र के लोगों के हर सुख-दुख में शामिल है। यही वजह है कि वे जनता के ज्यादा करीब हैं।