टिहरी , PAHAAD NEWS TEAM
उत्तराखंड की टिहरी विधानसभा सीट से जीते बीजेपी प्रत्याशी किशोर उपाध्याय ने अपनी जीत का पूरा श्रेय प्रधानमंत्री मोदी और उनकी नीतियों को दिया है. किशोर उपाध्याय ने उत्तराखंड जन एकता पार्टी के दिनेश धनै को हराया। इस चुनाव में किशोर उपाध्याय की प्रतिष्ठा दांव पर लगी थी। क्योंकि चुनाव के दौरान ही कांग्रेस ने उन पर पार्टी विरोधी गतिविधियों का आरोप लगाते हुए उन्हें बाहर का रास्ता दिखाया था.
उत्तराखंड में कांग्रेस ने नामांकन से ठीक पहले अपने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय को छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया। उसके बाद वह बीजेपी में शामिल हो गए और बीजेपी ने उन्हें टिहरी विधानसभा सीट से टिकट दिया. वहीं, भाजपा के मौजूदा विधायक धन सिंह नेगी कांग्रेस में शामिल हो गए थे। कांग्रेस ने टिहरी से भाजपा के बागी को भी टिकट दिया था, लेकिन नेगी तीसरे नंबर पर रहे।
चुनाव में इस जीत के बाद एक टीवी चैनल से बातचीत के दौरान किशोर उपाध्याय ने कहा कि उनकी जीत का पूरा श्रेय पीएम नरेंद्र मोदी को जाता है. किशोर उपाध्याय ने कहा कि सरकार की योजनाओं से किसानों और गरीबों को जो लाभ मिला है, उससे इस बार टिहरी की जनता ने अहंकार को हरा दिया है. लोकतंत्र में मतदाता ही भगवान होता है। 2002 में भी उन्हें टिहरी के लोगों ने आशीर्वाद दिया था। किशोर उपाध्याय ने बताया कि उन्होंने ही टिहरी के केंद्रीय विद्यालय को हाई स्कूल से इंटरमीडिएट करवाया था। टिहरी के डिग्री कॉलेज में आज भले ही किसी का नाम लिया जाए, लेकिन उन्होंने काम कर दिया। उन्होंने टिहरी के लिए बहुत कुछ किया है।
किशोर उपाध्याय ने भाजपा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने कोई टिकट नहीं मांगा, फिर भी पार्टी ने उन्हें टिकट दिया. कांग्रेस में रहते हुए भी उन्होंने कभी टिकट नहीं मांगा। कांग्रेस प्रत्याशी धन सिंह नेगी ने आरोप लगाया था कि किशोर उपाध्याय ने 10 करोड़ में भाजपा का टिकट खरीदा था। इस पर उन्होंने कहा कि उन्होंने इस मामले में नेगी को नोटिस भेजा है. इस नोटिस पर नेगी या तो सार्वजनिक रूप से माफी मांगे या कानूनी कार्रवाई के लिए तैयार रहे .

