देहरादून, PAHAAD NEWS TEAM

इस बार होली पर भले ही शुभ कार्यों पर विराम लगा हो, लेकिन देहरादून के बाजार रंगों से गुलजार होने लगे हैं. रंगों के त्योहार होली को लेकर लोगों में खासा उत्साह है। बाजार में इस बार होली के कई नए आइटम देखने को मिल रहे हैं। रंगों की छटा बिखेरने के रूप में पटाखों की तर्ज पर अनार, फुलझड़ी व रॉकेट जैसे आइटम बाजार में मौजूद हैं, जो ग्राहकों को खूब पसंद आ रहे हैं.

वहीं, हर्बल रंगों के बाद अब इस बार बाजार में चंदन युक्त पीला रंग बिक्री के लिए आया है। बताया जा रहा है कि जिन लोगों को अलग-अलग रंगों से एलर्जी है, उनके लिए चंदन युक्त पीला रंग एक खास पैकिंग में आया है, जिसे प्राकृतिक रंग के तौर पर भी इस्तेमाल किया जा सकता है. वहीं इस बार गीले रंग को प्राकृतिक रूप में तैयार करने के लिए टेशू फ्लावर (ढाक का फूल) भी बाजार में उपलब्ध हैं, जिससे पानी में मिलाकर प्राकृतिक रंग बनाया जा सके, ताकि केमिकल युक्त गीले रंगों से बचा जा सके.

चीनी वस्तुओं की मांग घटी: साल दर साल होली के समय न सिर्फ चीनी वस्तुओं की मांग घटने लगी है, बल्कि चीनी बाजार सिकुड़ रहा है। इसके साथ ही भारत में बने उत्पादों की मांग भी बढ़ रही है। यही कारण है कि प्राकृतिक रंगों का बाजार अब पहले की तुलना में बढ़ता देखा जा रहा है।

प्राकृतिक रंगों की बढ़ी मांग : दुकानदारों के मुताबिक साल दर साल केमिकल युक्त रंगों की मांग कम होती जा रही है, क्योंकि लोग अब जागरूक हो गए हैं. केमिकल युक्त रंगों से त्वचा के क्षतिग्रस्त होने के मामले बढ़ने के बाद अब लोग प्राकृतिक रंगों की ओर बढ़ रहे हैं। यही कारण है कि इनकी मांग बढ़ने से प्राकृतिक रंगों के उत्पाद बाजार में आ रहे हैं।

देहरादून के पलटन बाजार में करीब 14 साल से होली का सामान बेचने वाले दिनेश अरोड़ा दो साल पहले अपने परिवार के साथ दुबई शिफ्ट हुए थे। लेकिन वे रंगों का त्योहार मनाने अपने देश पहुंच गए हैं। उन्होंने बताया कि रंगों के त्योहार होली से उनका इतना लगाव है कि वह दुबई में अपने परिवार के साथ शिफ्ट होने के बावजूद ग्राहकों की सेवा के लिए दुकान लगाने के लिए देहरादून पहुंच गए हैं. ऐसे में ग्राहक इन्हें देखकर न सिर्फ हैरान हैं बल्कि खुशी का इजहार भी कर रहे हैं.