देहरादून, पहाड़ समाचार टीम

उत्तराखंड के सभी स्वास्थ्य केन्द्रों एवं अन्य अधिकृत टीकाकरण केन्द्रों में बुधवार 16 मार्च से 12 से 14 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को कोरोना की पहली खुराक लगाने का अभियान चलाया जायेगा. 12 से 14 वर्ष के आयु वर्ग के बच्चों का टीकाकरण कराने के लिए पंजीकरण की बाध्यता नहीं है। टीकाकरण केंद्रों पर जाकर कोई भी अपने बच्चों को कोर्बीवैक्स का टीका लगवा सकता है।

उत्तराखंड स्वास्थ्य विभाग को भारत सरकार से 4 लाख 1 हजार 400 टीके मिले हैं। बुधवार सुबह से ही टीकाकरण शुरू हो जाएगा। सीएमओ, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, देहरादून के अनुसार, 12 से 14 साल के बच्चों को कोविड-19 का टीका देने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. नजदीकी सरकारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सरकारी अस्पताल, टीकाकरण केंद्र व अन्य अधिकृत टीकाकरण केंद्रों समेत सभी क्षेत्रों में कोविड वैक्सीन दी जाएगी।

वहीं दूसरी ओर कोविड वैक्सीन के बूस्टर डोज का अभियान भी तेजी से चल रहा है. वरिष्ठ नागरिकों के साथ-साथ टीकाकरण के 9 महीने पूरे कर चुके लोगों को भी बूस्टर डोज दी जा रही है।

स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक वरिष्ठ नागरिकों को बूस्टर डोज देने पर लगी कोमोरबीडीटी क्लोज को अब हटा दिया गया है. यानी अब एहतियात के तौर पर सभी तरह के वरिष्ठ नागरिकों को तीसरी बूस्टर डोज पात्र श्रेणी में लाया गया है.