चमोली, PAHAAD NEWS TEAM

होली पार्टी में रंग लगाने को लेकर दो पक्षों में हुई मारपीट में अवर अभियंता समेत दो लोग घायल हो गये. जिसके बाद घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए जिला अस्पताल गोपेश्वर ले जाया गया. जहां चिकित्सकों ने घायलों की हालत गंभीर देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया है. वहीं सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हमलावरों की तलाश शुरू कर दी.

जानकारी के अनुसार ग्रामीण निर्माण विभाग गोपेश्वर में अपर सहायक अभियंता के पद पर कार्यरत संदीप राणा व जिला बचत अधिकारी अर्शित गोंदवाल अपनी पत्नी व अन्य लोगों के साथ मंडल स्थित लोनिवि गेस्ट हाउस में होली पार्टी करने गए थे. जहां अचानक 4 से 5 अज्ञात लोग मौके पर पहुंच गए और उनके साथ मौजूद महिलाओं को रंग लगाने की जिद करने लगे.

वहीं जब संदीप और अर्शित ने उनका विरोध किया तो अज्ञात लोगों ने उनके सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया. जिससे संदीप और अर्शित खून से लथपथ जमीन पर गिर पड़े। वहीं, दोनों घायलों को आनन-फानन में विभागीय लोगों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया. घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया है।

इस मामले में पुलिस घायलों के दोस्तों द्वारा मौके पर खींची गई तस्वीरों के आधार पर हमलावरों की तलाश कर रही है. हालांकि समाचार लिखे जाने तक इस मामले में किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।