देहरादून , PAHAAD NEWS TEAM
जल संस्थान अब तक पानी के बिल का शत प्रतिशत वसूल नहीं कर पाया है. अब जल संस्थान ने वित्तीय वर्ष की समाप्ति से पहले अधिकतम बकाया वसूलने के लिए सख्त रुख अपनाने के संकेत दिए हैं। बिल का भुगतान नहीं करने वालों को कल तक का समय दिया जा रहा है। इस अवधि में भुगतान नहीं करने पर कनेक्शन काटने का अल्टीमेटम दिया गया है।
जल संस्थान विलम्ब शुल्क माफ कर उपभोक्ताओं को पिछले डेढ़ माह का बिल भुगतान करने के लिए प्रेरित कर रहा है। इससे बिल जमा करने में तो इजाफा हुआ है, लेकिन अभी भी जिले के विभिन्न जोन में करोड़ों रुपये लंबित हैं. इसे कम करने के लिए मार्च के अंतिम दिन में अभियान चलाकर वसूली में तेजी लाने की तैयारी की जा रही है। इसके तहत उपभोक्ताओं को ऑनलाइन भुगतान करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। कार्यालय में बिलिंग काउंटर का समय बढ़ाने के साथ-साथ दून के झंडा बाजार, रेसकोर्स, चुक्खूवाला, बंजारावाला, आराघर, दिलाराम आदि क्षेत्रों में कैंप लगाकर बिलों की वसूली की जा रही है.
जल संस्थान की महाप्रबंधक नीलिमा गर्ग ने बताया कि विभाग की ओर से अभियान चलाकर बकाया वसूल किया जा रहा है. दून में भी चारों जोनों में कार्यपालक अभियंताओं के नेतृत्व में बकाया बिलों की वसूली की जा रही है. उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए विभिन्न स्थानों पर कैंप भी लगाए जा रहे हैं।

