रुद्रप्रयाग , PAHAAD NEWS TEAM
राज्य के कई गांव अभी भी सड़क सुविधाओं से वंचित हैं, जिससे लोगों को रोजाना मीलों का सफर तय करना पड़ता है. वहीं कालीमठ घाटी का ब्यूंखी गांव आजादी के बाद पहली बार यातायात से जुड़ गया है. ब्यूंखी गांव में पहली बार जीप टैक्सी पहुंचने पर ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों व चालकों का फूलों की माला से भव्य स्वागत किया. साथ ही पीएमजीएसवाई सिंचाई संभाग जखोली मंडल के अधिकारियों को धन्यवाद दिया। वहीं, मोटर मार्ग पर दूसरे चरण के काम के लिए राशि जारी होने के बाद जल्द ही काम शुरू कर दिया जाएगा.
मोटर मार्ग के निर्माण से कुणजेठी तथा ब्यूंखी गांव के लगभग 1350 ग्रामीणों को परिवहन सुविधा का लाभ मिला है और सिद्धपीठ कालीशिला का मात्र दो किमी पैदल मार्ग बचा है. ब्यूंखी गांव के यातायात से जुड़कर जहां सिद्धपीठ कालीशिला तीर्थ का पर्यटन व्यवसाय बढ़ेगा, गांव में होम स्टे योजना को बढ़ावा देने से स्थानीय युवाओं को स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे. हालांकि मोटर मार्ग पर बस का ट्रायल अभी बाकी है। ब्यूखी गांव के यातायात से जुड़ने के बाद अब कालीमठ घाटी के स्यांसू व चिलौण्ड गांव यातायात से जुड़ना बाकी है.
पीएमजीएसवाई सिंचाई खंड जखोली डिवीजन के तहत लगभग 4 करोड़ 22 लाख रुपये की लागत से स्वीकृत बेडूला-कुणजेठी-ब्यूंखी मोटर सड़क का निर्माण कार्य पिछले साल 22 जनवरी को शुरू हुआ था. मोटर मार्ग का निर्माण कार्य कुणजेठी तक आसानी से किया गया , लेकिन कुणजेठी-ब्यूंखी के बीच मजबूत चट्टान के कारण विभाग को सड़क निर्माण में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. मोटर मार्ग पर फेज टू का काम पूरा होते ही ग्रामीण खुशी से झूम उठे और ब्यूखी गांव में पहली बार जीप-टैक्सी पहुंचने पर ग्रामीणों ने जन-प्रतिनिधियों व जीप-टैक्सी चालकों का फूल मालाओं से भव्य स्वागत किया । प्रधान सुदर्शन राणा ने बताया कि ब्यूंखी गांव में पहली बार यातायात कनेक्शन मिलने से ग्रामीणों में खासा उत्साह है.
उन्होंने बताया कि पूर्व में कालीमठ-कालीशिला पैदल मार्ग 6 किमी था, ब्यूंखी गांव के यातायात के साथ संपर्क होने के कारण, अब पैदल मार्ग केवल दो किमी रह गया है। उन्होंने कहा कि ब्यूंखी गांव के यातायात से जुड़कर सिद्धपीठ कालीशिला का तीर्थ-पर्यटन व्यवसाय भविष्य में काफी बढ़ सकता है, विभागीय जेई विनीत बौठियाल ने बताया कि मोटर मार्ग के दूसरे चरण के काम के लिए लगभग साढ़े चार करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं. दूसरे चरण का निर्माण कार्य जल्द ही शुरू किया जाएगा। मोटर मार्ग के फेज वन का निर्माण पूरा होने पर ग्रामीणों ने सभी जनप्रतिनिधियों का आभार जताया.


Recent Comments