डीएम पौड़ी विजय जोगदंडे ने पिछले दिनों उपजिलाधिकारियों को अतिक्रमण हटाने और संबंधितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के निर्देश दिए थे .
श्रीनगर, PAHAAD NEWS TEAM
शहर में अतिक्रमण बढ़ता ही जा रहा है. इसी कड़ी में खंडाह में श्रीनगर-कोटद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक व्यक्ति द्वारा किए गए अतिक्रमण को तहसील प्रशासन ने हटाया. एसडीएम ने तहसीलदार व लोनिवि राष्ट्रीय राजमार्ग का सर्वे कर पांच दिन के अंदर अतिक्रमण की रिपोर्ट देने का निर्देश दिए है. बता दें कि, डीएम पौड़ी विजय जोगदंडे ने पिछले दिनों उपजिलाधिकारियों को अतिक्रमण हटाने और संबंधितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के निर्देश दिए थे.
बता दें कि नगर निगम सहित ग्रामीण क्षेत्रों में ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्र्रीय राजमार्ग, पौड़ी-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग, नालों, केसर हिंद भूमि और वन क्षेत्र में अतिक्रमण बढ़ता जा रहा है. अतिक्रमणकारियों ने अवैध कब्जा कर सड़कों व नालों को संकरा कर दिया है। यहां तक कि सिंचाई गूल और पेयजल टैंकों पर भी अतिक्रमण कर लिया गया है। पूर्व में जहां प्रशासन ने अतिक्रमण हटाया था, वहां फिर से अतिक्रमण हो गया है. जिसको लेकर डीएम विजय जोगदंडे ने हाल ही में उप जिलाधिकारी को अतिक्रमण हटाने और संबंधित के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के निर्देश दिए थे.
एसडीएम श्रीनगर अजयवीर सिंह ने कहा कि शिकायत मिली थी कि खंडाह में एक व्यक्ति ने किसी व्यक्ति की नापलैंड और एनएच की जमीन पर कब्जा कर लिया है. जिस पर अधिकारियों के साथ मौके पर जाकर एनएच की जमीन में बनी सीढ़ियों को तोड़ दिया है. उन्होंने बताया कि तहसीलदार और पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को सर्वे के लिए कहा गया है. रिपोर्ट मिलने के बाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी।

