मसूरी , PAHAAD NEWS TEAM
उत्तराखंड में पर्यटन सीजन शुरू होते ही पर्यटक स्थलों पर नकली, दूध, मावा और पनीर जैसी खाद्य सामग्री की आपूर्ति की जा रही है. इसी कड़ी में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सहारनपुर और मुजफ्फरनगर जैसे जिलों से मसूरी जैसे प्रसिद्ध हिल स्टेशन से मिलावटी दूध, पनीर और मावा जैसे सामान ले जा रहे पांच निजी वाहनों को गुरुवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने पकड़ लिया. मसूरी डायवर्जन और सहस्त्रधारा रोड के बीच छापेमारी अभियान के दौरान 5 विभिन्न प्रकार के दूध पदार्थों के नमूने एकत्र कर जांच के लिए भेजे गए हैं.
रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम 2006 के तहत कार्रवाई की जा सकती है। इससे पहले पिछले एक सप्ताह में 20 दूध व्यापारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा मानक 2006 के तहत पर्यटन स्थलों पर मिलावटी खाद्य सामग्री पर कार्रवाई के तहत कार्रवाई की जा रही है ।
देहरादून के जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी पीसी जोशी के मुताबिक लगातार ऐसी शिकायतें मिल रही थीं कि मसूरी जैसे हिल स्टेशनों में पर्यटन सीजन शुरू होते ही मिलावटी दूध उत्पादों की सप्लाई सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिहारीगढ़ जैसे क्षेत्रों से राज्य के बाहर पहुंच रही है. इसी सूचना के आधार पर गुरुवार सुबह चार बजे देहरादून के मसूरी डायवर्जन पर गुणवत्ता जांच के लिए घेराबंदी की गयी. इस दौरान कुछ दुग्ध पदार्थों से भरे प्राइवेट वाहन विभाग की टीम को देखते ही भाग खड़े हुए.
ऐसे में कार्रवाई करने पहुंची टीम ने मिलावट करने वालों का पीछा किया. जिन्हें सहस्त्रधारा रोड पर घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। अभियान के दौरान सहारनपुर, मुजफ्फरनगर से मसूरी होटलों जाने वाले निजी वाहनों से भारी मात्रा में पनीर, मावा आदि सामान बरामद किया गया. प्रारंभिक जांच में मिलावट व नकली सामग्री की आशंका के चलते तत्काल 5 सैंपल लिए गए और बाकी सामान को नष्ट कर दिया गया। दूध उत्पादों से संबंधित नमूने सरकारी लैब में भेजे गए हैं। रिपोर्ट मिलने के बाद कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
देहरादून खाद्य सुरक्षा अधिकारी पीसी जोशी के अनुसार चारधाम यात्रा और पर्यटन सीजन शुरू होते ही उत्तराखंड में दूध की आपूर्ति पूरी न होने से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों से मिलावटी और नकली दूध, पनीर और मावा जैसे खाद्य पदार्थ, पर्यटन स्थलों के होटल, रेस्तरां में ग्राहकों को परोसा जाता है। पर्यटन सीजन में जैसे ही इस तरह के खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ती है, ग्राहकों को सस्ते दामों पर बाहरी राज्यों से आने वाली मिलावटी सामग्री खरीदकर महंगे दामों पर लूट लिया जाता है। ऐसे में लगातार हो रही शिकायतों को देखते हुए पर्यटन यात्रा सीजन शुरू होने से पहले ही खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमें ऐसी संदिग्ध खाद्य सामग्री पर नजर रख कर कानूनी कार्रवाई कर रही हैं.

