देहरादून , PAHAAD NEWS TEAM
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि इस साल चारधाम यात्रा कई मायनों में खास है. इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है। इन श्रद्धालुओं के आगमन के लिए उत्तराखंड पूरी तरह से तैयार है। वह इस यात्रा के लिए सभी को आमंत्रित करते हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को नई दिल्ली में गांधी स्मृति और दर्शन समिति द्वारा आयोजित अयोध्या पर्व-2022 कार्यक्रम में शिरकत की. उन्होंने कहा कि यह दिन बेहद खास होता है।
शनिवार को होने वाले हनुमान जयंती के साथ ही पूर्णिमा भी थी । इस कार्यक्रम में भाग लेकर वह खुद को अयोध्या की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक परंपरा से जुड़ा हुआ महसूस करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब वे पहली बार अयोध्या गए थे तो श्री राम लला को तंबू में देखकर बहुत दुख हुआ था।
मंदिर का काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू हुआ। इसके बाद जब उन्हें श्री रामलला के दर्शन का मौका मिला तो वे भावुक हो गए।
उन्होंने कहा कि भगवान राम की कृपा से उन्होंने जुलाई 2021 में मुख्य सेवक के रूप में काम करना शुरू किया और उनके आशीर्वाद से प्रदेश की जनता ने फिर से भाजपा को सत्ता सौंप दी.
उन्होंने कहा कि 2013 की आपदा के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केदारनाथ मंदिर के भव्य निर्माण का कार्य पूरी गति से चल रहा है.
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस साल चारधाम यात्रा को और सुगम बनाने का प्रयास कर रही है.
आल वेदर रोड के साथ ही अन्य मुख्य सड़कों के चौड़ीकरण व सौंदर्यीकरण का काम किया गया है. दिल्ली से देहरादून के बीच एलिवेटेड रोड बनने से इन दोनों शहरों की दूरी घटकर महज दो घंटे रह जाएगी।
महंत कमलनयन दास, राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महामंत्री चंपत राय, इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय कला केंद्र के अध्यक्ष राम बहादुर राय, सांसद अयोध्या लल्लू सिंह समेत अन्य गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे।

