श्रीनगर, PAHAAD NEWS TEAM
सरकार से लेकर आम जनता तक राज्य में चारधाम यात्रा को लेकर तैयारियों में जुटी हुई हैं. होटल संचालक जहां होटलों को चमकाने में लगे हैं वहीं प्रशासनिक अमला यातायात से लेकर तमाम व्यवस्थाएं जुटाने में लगा हुआ है. वहीं श्रीनगर के ‘सोल्जर ऑफ एनवायरनमेंट’ भी शहर के साथ-साथ पर्यावरण और प्रकृति को स्वच्छ रखने के लिए मैदान में उतरे हैं।
जगह-जगह कचरा इकट्ठा करने का काम श्रीनगर गढ़वाल के ‘सोल्जर ऑफ एनवायरनमेंट’ कर रहे हैं। ये युवा खुद को पर्यावरण का सिपाही कहते हैं। इसके लिए वे दिन रात मेहनत भी करते हैं। सोल्जर ऑफ एनवायरनमेंट की सदस्य सुमन जोशी का कहना है कि वह पूरे शहर में पड़े कूड़े को उठाने के लिए दो बार काम करती हैं। आमतौर पर उनके दिन की शुरुआत श्रीनगर के घाटों और घूमने की जगहों से कूड़ा उठाने से होती है। वे शहर के हर उस हिस्से में जाने की कोशिश करते हैं जहां कचरा फैला हुआ है।
जोशी का कहना है कि शुरू में लोग उन्हें नहीं समझते थे, लेकिन अब लोग बदलते समय और उनके काम को देखते हुए उन्हें प्रोत्साहित करते हैं। सुमन जोशी ने बताया कि वे जो कचरा बेचती हैं, उसमें से कॉपी-किताबें, बच्चों के लिए स्टेशनरी का सामान खरीद कर जरूरतमंद बच्चों को देती हैं.
सुमन जोशी ने बताया कि अब उत्तराखंड में चारधाम यात्रा शुरू होने जा रही है. इस दौरान बड़ी संख्या में पर्यटक पहाड़ों की ओर रुख करेंगे। उनका कहना है कि पर्यटक ना चाहते हुए भी पहाड़ों में काफी कूड़ा फैलाते हैं। उन्होंने चारधाम यात्रा पर आने वाले पर्यटकों से कूड़ा न फैलाने की अपील की है.

