कोटद्वार , PAHAAD NEWS TEAM

गढ़वाल व कुमाऊं संभाग को जोड़ने वाली कंडी रोड को लेकर एक बार फिर उम्मीद जगी है. दो संभागों को जोड़ने वाली इस सड़क पर फिलहाल केंद्रीय अधिकार प्राप्त समिति (सीईसी) जांच कर रही है। जांच के बाद इस सड़क पर सुधार कार्य शुरू किया जाएगा। उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने कोटद्वार विधानसभा में कंडी रोड के अंतर्गत आने वाले लालढांग-चिल्लरखाल वन मोटर मार्ग के निर्माण कार्य को लेकर वन एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की.

इस बैठक के दौरान अध्यक्ष ने अधिकारियों को 11 किलोमीटर लंबे लालढांग-चिल्लरखाल वन मोटर मार्ग के निर्माण के लिए त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए. प्रदेश के भीतर गढ़वाल एवं कुमाऊं संभाग को सीधे जोड़ने वाले लैंसडाउन वन प्रमंडल के अंतर्गत कंडी रोड (रामनगर-कालागढ़-चिलरखाल-लालढांग) के चिल्लरखाल-लालढांग भाग के मोटर मार्ग के निर्माण में हो रही देरी की जानकारी अधिकारियों से ली. इस दौरान अध्यक्ष ने वन और पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के साथ बैठक कर सभी पहलुओं पर चर्चा की.

ऋतु खंडूड़ी ने अधिकारियों से जानकारी ली कि आखिर सड़क निर्माण में पेंच कहां फंसा है। इस दौरान बैठक में उपस्थित अपर मुख्य सचिव आनंदवर्धन, लोक निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव आरके सुधांशु और प्रधान वन संरक्षक अनूप मलिक ने चिल्लरखाल-लालढांग हिस्से के मोटर रोड निर्माण पर शुरू से लेकर अब तक की गई विभागीय कार्रवाई की जानकारी दी.

अधिकारियों ने बताया कि इस मोटर मार्ग को सुदृढ़ करने के कार्य के लिए लोक निर्माण विभाग दुगड्डा को कार्यकारी निकाय बनाया गया है. बताया कि राज्य क्षेत्र के वन विभाग के ‘वन मोटर रोड, ट्रैक रूट और अश्व मार्गों का सुदृढ़ीकरण’ के तहत वित्तीय वर्ष 2020-21 में चिल्लरखाल-लालढांग मोटर रोड के सुदृढ़ीकरण कार्य के लिए 613.30 लाख रुपये की स्वीकृति प्राप्त हुई थी, जिसमें सार्वजनिक निर्माण विभाग डामरीकरण का कार्य शुरू किया गया।

इस दौरान अध्यक्ष ने वन विभाग के अधिकारियों को चिल्लरखाल-लालढांग से आने-जाने वाले स्थानीय वाहनों को टोल टैक्स में छूट देने को भी कहा. उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों को यातायात में किसी प्रकार की परेशानी न हो इसका विशेष ध्यान रखा जाए. साथ ही सभी वाहनों को वन क्षेत्र से समय सीमा के भीतर वाहन प्राप्त करने के निर्देश दिये गये. उन्होंने कहां कहा कि सूर्योदय के बाद और सूर्यास्त से पहले के समय में ही इस वन मोटर मार्ग से वाहन गुजरना चाहिए और यह नियम सभी प्रकार के वाहनों पर समान होना चाहिए।

विधानसभा अध्यक्ष ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से कोटद्वार के कौड़िया स्थित वाणिज्य विभाग चौराहे से फ्लशडोर फैक्ट्री तक जाने वाली सड़क, जिसे रिंग रोड की तर्ज पर विकसित किया जाना है, इस संबंध में भी विभाग द्वारा अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी ली गई.