चमोली , PAHAAD NEWS TEAM

सिखों के पवित्र तीर्थ हेमकुंड साहिब के कपाट रविवार 22 मई को 10:30 बजे खुलेंगे. हेमकुंड साहिब ट्रस्ट कपाट खोलने की तैयारी में जुटा है। घांघरिया के आगे आस्था पथ से सेना के 40 जवान बर्फ हटा रहे हैं. इस बीच हेमकुंड साहिब गुरुद्वारे की तस्वीरें और जवानों के बर्फ हटाने के वीडियो भी सामने आए हैं. हेमकुंड साहिब से एक किलोमीटर पीछे तक पैदल मार्ग को सुगम बनाने के लिए सेना के जवानों ने आस्था पथ से बर्फ हटाई है.

बीते दिनों सिखों के पवित्र तीर्थ स्थल हेमकुंड साहिब के तीर्थ मार्ग से ग्लेशियर टूटने की तस्वीर सामने आई थी. जहां एक पहाड़ी से भारी मात्रा में बर्फ पिघलती नजर आ रही है और ग्लेशियर का कुछ हिस्सा इस तरह टूटा कि बर्फ पानी की तरह बहती नजर आई. ग्लेशियर का ये वीडियो लोगों ने बनाया था. आस्था पथ पर इस वर्ष पिछले वर्षों की अपेक्षा अधिक हिमपात हुआ है।

3 मई से शुरू होगी चारधाम यात्रा: चारधाम यात्रा 2022 की तारीखों का ऐलान कर दिया गया है. सबसे पहले गंगोत्री और यमुनोत्री के कपाट खुलेंगे। इसके बाद केदारनाथ और फिर बद्रीनाथ धाम के कपाट खुलेंगे। 3 मई को अक्षय तृतीया के दिन श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए मां यमुनोत्री और मां गंगोत्री के कपाट खुलेंगे. उसके बाद 12 ज्योतिर्लिंगों में केदारनाथ धाम के कपाट इस बार 6 मई को खुलेंगे, जबकि बद्रीनाथ धाम के कपाट इस बार 8 मई को खुलेंगे. वहीं हेमकुंड साहिब के कपाट 22 मई 2022 को सुबह 10.30 बजे श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे.