चंपावत, PAHAAD NEWS TEAM
ऊधम सिंह नगर जिले के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बुधवार देर शाम अपने गृह क्षेत्र खटीमा पहुंचे. मुख्यमंत्री ने खटीमा पहुंचकर कार्यकर्ताओं से मुलाकात की. वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज रोड शो के साथ चंपावत उपचुनाव की शुरुआत करेंगे. इस दौरान सीएम लोगों से मिलेंगे और उनकी समस्याएं सुनेंगे.
राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी उधम सिंह नगर जिले के मुख्यालय रुद्रपुर में कार्यक्रम के बाद खटीमा पहुंचे. इस दौरान जहां उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की, वहीं मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि वह चंपावत जिले के बनबसा और टनकपुर में रोड शो के साथ जनसभा को संबोधित करेंगे. इस दौरान वह आम जनता से मिलेंगे और उनकी समस्याएं सुनेंगे और उनकी समस्याओं का समाधान करेंगे. साथ ही क्षेत्र के विकास की योजनाओं पर भी चर्चा की जाएगी ताकि चंपावत क्षेत्र तेजी से विकास की दौड़ में शामिल हो सके.
बता दें कि सीएम धामी खटीमा सीट से चुनाव लड़ते रहे हैं। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2022 में धामी को अपनी पारंपरिक सीट खटीमा में हार का सामना करना पड़ा था। चंपावत सीट सीएम धामी की पारंपरिक खटीमा सीट से सटी हुई है। इसलिए वह यहां के राजनीतिक, जातिगत और क्षेत्रीय समीकरणों से भी परिचित हैं। इसी वजह से सीएम पुष्कर सिंह धामी ने चंपावत सीट को चुना है. चंपावत सीट से विधायक कैलाश चंद्र गहतोड़ी ने इस्तीफा दे दिया है और सीएम धामी के लिए सीट खाली कर दी है।

