थराली , पहाड़ न्यूज़ टीम
शनिवार को जम्मू-कश्मीर के गांदरबल जिले में श्रीनगर-लेह हाईवे पर सेना के एक वाहन के पलट जाने से एक जवान शहीद हो गया, जबकि दो अन्य घायल हो गए. हादसे में 9 गढ़वाल राइफल्स के जवान बाघ सिंह की मौत हो गई। बाघ सिंह चमोली जिले के रहने वाले थे। बताया जा रहा है कि बाघ सिंह की मौत गाड़ी के नीचे दबने से हुई है. वहीं, घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
पुलिस सूत्रों ने कहा, ‘वाहन, (जो सेना के काफिले का हिस्सा था) सुंबल बाला इलाके में मस्जिद मोड़ के पास पलट गया। सिपाही दुर्भाग्य से वाहन के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में दो अन्य जवान घायल हो गए। जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने ट्वीट कर जवान को श्रद्धांजलि दी है. जवान की मौत की खबर मिलने के बाद पिंडर घाटी में शोक की लहर है. ग्राम प्रधान कांडे राजेंद्र सिंह ने बताया कि विकासखंड देवाल के अंतर्गत कांडे गांव निवासी जवान बाघ सिंह 9 गढ़वाल राइफल्स में तैनात थे, जिनकी मौत हो चुकी है. राजेंद्र सिंह ने बताया कि जवान का पार्थिव शरीर आज दिल्ली पहुंचेगा. जहां से पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव लाया जाएगा।
परिवार ने बताया कि बाघ सिंह परिवार में सबसे छोटा था, उसका बड़ा भाई दुबई में काम करता है। जबकि दो बहनों की शादी हो चुकी है। जवान के पिता भी 9 गढ़वाल राइफल्स से सेवानिवृत्त हो चुके हैं।

