आगामी कुंभ को लेकर गढ़वाल आयुक्त रविनाथ रमन द्वारा तीर्थ नगरी हरिद्वार पहुंचकर महाकुंभ की व्यवस्थाओं और उसकी तैयारियों के दृष्टिगत एक स्थलीय निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने संबंधित उच्च अधिकारियों के साथ एक बैठक भी की।  मंडल आयुक्त द्वारा इस दौरान कुंभ मेला अधिकारी दीपक रावत के साथ गंगा का पानी आस्था पथ तक पहुंचाने के साथ-साथ उससे जुड़े निर्माणों की स्थिति और रेन बसेरा की लोकेशन की जानकारी की। बता दें कि मंडल आयुक्त द्वारा फ्लाई ओवर ब्रिजों पर बनी चित्रकारी को भी परखा गया।  इसके बाद उनके द्वारा गौरी शंकर दीप से निरीक्षण करते हुए सिंह द्वार का भी दौरा किया गया जहां उन्होंने सिंह द्वार पर निर्मित हो रहे फ्लाई ओवर ब्रिज के दोनों और बनी चित्रकारी को बारीकी से परखते हुए सराहना की।