नैनीताल , PAHAAD NEWS TEAM

चेन्नई सुपर किंग्स ने दिल्ली की टीम को 91 रनों के बड़े अंतर से हरा दिया। दिल्ली के सामने जीत के लिए 209 रनों का लक्ष्य था, लेकिन चेन्नई के गेंदबाजों के सामने दिल्ली की पूरी टीम 117 रन बनाकर ही ऑल आउट हो गई. चेन्नई के लिए मोईन अली ने 3 खिलाड़ियों को आउट किया जबकि मुकेश चौधरी, ड्वेन ब्रावो और सिमरजीत सिंह ने 2-2 खिलाड़ियों को आउट किया। दिल्ली के लिए मिचेल मार्श ने सबसे ज्यादा 25 रन की पारी खेली. इस हार से दिल्ली की प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदों को झटका लगा है.

इससे पहले दिल्ली के कप्तान ऋषभ पंत ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया। चेन्नई के लिए ऋतुराज गायकवाड़ और डेवान कोन्वे ने पारी की शुरुआत की और पहले विकेट के लिए 110 रन जोड़े। चेन्नई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए कोन्वे के 87 और गायकवाड़ के 41 रनों के दम पर 6 विकेट के नुकसान पर 208 रन बनाए।

दिल्ली की पारी, वॉर्नर सस्ते में आउट

209 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए डेविड वार्नर और श्रीकर भरत ने दिल्ली के लिए पारी की शुरुआत की, लेकिन भरत दूसरे ओवर में 8 रन बनाकर सिमरजीत सिंह का शिकार हो गए. लेकिन दूसरे विकेट के रूप में दिल्ली को वॉर्नर के रूप में बड़ा झटका लगा. उन्हें तीक्ष्णा ने 19 रन के स्कोर पर एलबीडब्ल्यू आउट किया। तीसरे विकेट के लिए मिचेल मार्श को 25 रन के निजी स्कोर पर मोइन अली ने गायकवाड़ के हाथों कैच कराया. दिल्ली को चौथा झटका पंत के रूप में लगा. उन्हें मोइन अली ने 21 रन के निजी स्कोर पर बोल्ड किया। उन्होंने उसी ओवर में रिपल पटेल को भी आउट किया। उन्होंने 6 रन की पारी खेली. 11वें ओवर में दिल्ली के दो विकेट गिरे। पहले अक्षर पटेल 1 रन फिर दिल्ली की आखिरी उम्मीद पावेल 3 रन बनाकर आउट हो गए. दोनों को मुकेश चौधरी ने आउट किया। 8वां झटका कुलदीप यादव के रूप में लगा. सिमरजीत सिंह ने उन्हें 5 रन के निजी स्कोर पर उथप्पा के हाथों कैच कराया।

चेन्नई की पारी, कान्वे का अर्धशतक

चेन्नई के लिए ऋतुराज गायकवाड़ और डेवान कान्वे ने पारी की शुरुआत की, दोनों ने पहले विकेट के लिए 110 रन की साझेदारी की. ऋतुराज गायकवाड़ 41 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें नोकिया ने अक्षर पटेल के हाथों कैच कराया था। दूसरा झटका कान्वे के रूप में लगा। उन्होंने 87 रनों की शानदार पारी खेली, उन्हें खलील अहमद ने पंत के हाथों कैच कराया. तीसरा झटका दुबे के रूप में लगा। मिशेल मार्श ने उन्हें 32 रन के निजी स्कोर पर वार्नर के हाथों आउट कराया । चौथे विकेट के लिए रायडू को खलील अहमद ने 5 रन के निजी स्कोर पर आउट किया। चेन्नई ने आखिरी ओवर में दो विकेट गंवाए। पहले मोइन अली और फिर राबिन उथप्पा को नोकिया ने आउट किया।

आईपीएल 2022 : आज मुंबई इंडियंस का मुकाबला कोलकाता नाइटराइडर्स से

नैनीताल , PAHAAD NEWS TEAM

कोलकाता नाइटराइडर्स (केकेआर) को जल्द से जल्द संयोजन की तलाश करनी होगी यदि वे आईपीएल में अपनी धुंधली उम्मीदों को जीवित रखना चाहते हैं क्योंकि वे मुंबई इंडियंस से भिड़ेंगे, जो अंतिम स्थान पर रहने के बावजूद मनोबल के साथ मैच में उतरेगी।

शीर्ष क्रम में कई संयोजनों को आजमाना और टीम में लगातार बदलाव करना इस सीजन केकेआर के लिए एक समस्या रही है। वह टेबल टॉपर्स लखनऊ सुपरजाइंट्स से 75 रन की करारी हार झेलकर इस मैच में उतरेंगी। उधर, प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी मुंबई दूसरे नंबर की टीम गुजरात टाइटंस पर पांच रन की जीत से मनोबल के साथ मैदान में उतरेगी.

नए कप्तान श्रेयस अय्यर की अगुवाई वाली केकेआर को शनिवार को लखनऊ के खिलाफ करारी हार का सामना करना पड़ा। उसके 11 मैचों में आठ अंक हैं। वह शेष तीन मैचों में अधिकतम 14 अंक तक पहुंच सकती है, लेकिन यह भी उसके चौथे स्थान की गारंटी नहीं है। विपरीत परिस्थितियों के बावजूद दोनों टीमें यहां डीवाई पाटिल स्टेडियम में एक दूसरे को कड़ी टक्कर देने की कोशिश करेंगी। दोनों टीमों की नजर अब अपने अभियान के सकारात्मक अंत पर होगी।

इन दोनों टीमों के बीच अब तक खेले गए मैचों में मुंबई ने 22 और केकेआर ने आठ मैच जीते हैं। मुंबई इस रिकॉर्ड को और भी बेहतर करने की कोशिश करेगी। मुंबई के लिए अच्छी बात यह रही कि उनके दोनों सलामी बल्लेबाज कप्तान रोहित शर्मा और ईशान किशन ने टाइटंस के खिलाफ टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई. केकेआर के खिलाफ वो अपनी अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में बदलने की कोशिश करेंगे. रोहित मुंबई के लिए आईपीएल में 5000 रन पूरे करने से भी 88 रन दूर हैं और वह सोमवार को इस मुकाम तक पहुंच सकते हैं.

जहां मुंबई के बल्लेबाज रोहित, किशन और सूर्यकुमार यादव पावरप्ले का अच्छी तरह से उपयोग करने में माहिर हैं, वहीं केकेआर पहले छह ओवरों में रन बनाने के लिए संघर्ष कर रहा है, जिसे उनके मुख्य कोच ब्रैंडन मैकुलम ने हार के लिए जिम्मेदार ठहराया है। मैकुलम ने कहा, “हमने पावरप्ले में संघर्ष किया है जो इस पूरे सीजन में हमारे लिए निराशाजनक रहा है। हमने पूरे टूर्नामेंट में बीच के ओवरों में अच्छा प्रदर्शन किया और आखिरी ओवरों में भी खराब नहीं खेला।