मसूरी, पहाड़ न्यूज़ टीम
नशे में धुत युवकों ने स्थानीय दुकानदारों पर लाठियों और धारदार हथियारों से मसूरी-देहरादून मार्ग पर मैगी पॉइंट के पास देर रात हमला कर दिया, जिसमें तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. जिन्हें निजी वाहनों की मदद से मैक्स अस्पताल स्थानीय लोगों ने पहुंचाया, जहां से चिकित्सकों ने उन्हें इंद्रेश हॉस्पिटल रेफर कर दिया जहां तीनों की हालत गंभीर बनी हुई है. इस घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है. कोतवाली मसूरी में भगत सिंह रावत रावत द्वारा एक मनोनीत तहरीर दी गई है, जिसमें रवि ग्रोवर और विजय कुमार व अन्य के खिलाफ कार्रवाई करने के साथ ही गिरफ्तारी न होने पर विरोध करने की बात कही गई है.
हमला करने वाले युवक जानकारी के अनुसार नशे में थे और देहरादून से मसूरी की ओर आ रहे थे. हमलावर वहां मौजूद दुकानदारों और ग्राहकों की पिटाई कर फरार हो गए. हमलावरों में शिवसेना का एक नेता भी बताया जा रहा है। इनमें 4 महिलाओं समेत करीब 20-25 लोग थे।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पानी वाले बैंड के पास मैगी प्वाइंट के पास उन्होंने स्थानीय दुकानदारों और वहां मौजूद ग्राहकों से बदसलूकी की, जब उन्होंने इसका विरोध किया तो लाठियों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया जिसमें 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए ।
घायलों में रोहित भंडारी निवासी मैगी प्वाइंट अजय रावत विजय रावत निवासी शिव कॉलोनी हाथीबड़कला देहरादून हैं, जिनका इलाज इंद्रेश अस्पताल में चल रहा है. बताया जा रहा है कि इनमें से एक युवक की 28 को शादी होनी है और युवक कार्ड देने अपने दोस्त के मैगी प्वाइंट पर आया था। जिसकी हालत गंभीर बनी हुई है और वह इंद्रेश अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है, उसका परिवार घटना को लेकर सदमे में है।
इस संबंध में पीड़ितों की ओर से कोतवाली मसूरी में लिखित शिकायत दी गई है। प्रभारी निरीक्षक गिरीश चंद शर्मा ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा और पुलिस जांच कर पीड़ितों को न्याय दिलाने का प्रयास करेगी।
इस मौके पर प्रत्यक्षदर्शी सागर शर्मा ने बताया कि देर रात कुछ लोग उनकी दुकान के बाहर शराब पीकर गाली गलौज दे रहे थे, जिस पर उसे ऐसा न करने के लिए कहा गया, नशे में होने के कारण उन्होंने अपने और साथी बुला लिये और वहां मौजूद लोगों के साथ मारपीट की. 3 लोगों पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है.

