देहरादून, पहाड़ न्यूज टीम
भारतीय बैडमिंटन टीम ने 73 साल बाद थॉमस कप जीतकर इतिहास रच दिया है। ऐसे में आज देहरादून में बैडमिंटन स्टार लक्ष्य सेन के सम्मान में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लक्ष्य सेन को बुलाकर जीत की बधाई दी. उन्होंने कहा कि हमारी सरकार एक ‘नई खेल नीति’ लेकर आई है, जिसके जरिए राज्य के खिलाड़ियों को समर्थन मिलेगा.
थामस कप की एतिहासिक जीत पर लक्ष्य सेन को 15 लाख तथा गतवर्ष आल इंगलैंड प्रतियोगिता में विजयी होने पर 10 लाख का चेक मुख्यमंत्री ने भेंट किया।
इस मौके पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि लक्ष्य सेन ने 73 साल बाद भारत को थॉमस कप जीत दिलाकर इतिहास रच दिया है. लक्ष्य ने बचपन से बैडमिंटन के लिए जो मेहनत की थी वह आज सार्थक हो रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड ही नहीं, लक्ष्य सेन ने पूरे भारत का नाम दुनिया में रोशन किया है।

सेन को आगामी ओलंपिक खेलों के लिए धामी ने भी शुभकमानाएं दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि थॉमस कप में अपनी ऐतहासिक जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अल्मोड़ा की ‘बाल मिठाई’ भेंट कर सेन ने इसे ‘ब्रांड’ बना दिया है।
उधर, स्लोवेनिया में भारत की राजदूत नम्रता एस कुमार और ताजिकिस्तान में भारत के राजदूत विराज सिंह मुख्यमंत्री आवास पहुंचे और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट की।

