रुद्रपुर , पहाड़ न्यूज टीम

पंतनगर सिडकुल कंपनी प्रबंधकों पर शोषण का आरोप लगाते हुए मजदूरों ने रैली का आयोजन किया . रैली में शामिल लोग सिडकुल से जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे. जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन किया गया।

सिडकुल (स्टेट इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन ऑफ उत्तराखंड लिमिटेड) स्थित कारखानों की यूनियनों द्वारा सिडकुल से जिलाधिकारी परिसर तक रैली निकाली गई। इस दौरान मजदूरों के उत्पीड़न को लेकर धरना प्रदर्शन किया गया. प्रदर्शन में किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं समेत तमाम मजदूर व महिलाएं मौजूद रहीं. मजदूर आंदोलन को लेकर जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में गहमागहमी बनी रही. करीब एक घंटे बाद कार्यकर्ता ज्ञापन देकर वापस लौटे।

रुद्रपुर में इंटार्क कंपनी मजदूर यूनियन के आह्वान पर मजदूर यूनियन व किसान यूनियन से जुड़े लोगों ने सिडकुल पंतनगर से जिलाधिकारी कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला. पुलिस प्रशासन द्वारा रोके जाने पर जिलाधिकारी कार्यालय के गेट पर मजदूर, उनके परिजन व किसान धरने पर बैठ गये. उन्होंने ज्ञापन लेने के लिए जिलाधिकारी को बुलाने की मांग की. इसको लेकर उनकी एसडीएम से भी बहस हुई थी।

श्रमिकों ने इंटार्क कंपनी में तालाबंदी समाप्त करने, सभी श्रमिकों की सवैतनिक बहाली , अन्य कारखानों में चल रहे श्रमिक असंतोष को समाप्त करने के साथ-साथ श्रमिकों के उत्पीड़न पर अंकुश लगाने की मांग की। उन्होंने कहा कि काफी दिनों से आक्रोशित मजदूरों की कोई सुनवाई नहीं हो रही है. प्रशासन को तुरंत हस्तक्षेप कर कार्रवाई करनी चाहिए। एसडीएम ने दोनों पक्षों को बुलाकर मामला शांत कराने का आश्वासन दिया।