रुद्रप्रयाग , PAHAAD NEWS TEAM
केदारनाथ धाम से लौट रहे राजस्थानी मेहमानों से भरी एक बस मेदनपुर स्लाइडिंग जोन के पास सुरक्षा दीवार से टकरा गई। हादसे के बाद बस चालक बेहोश हो गया, जबकि वाहन में सवार कई लोग घायल हो गए। सूचना के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और निजी वाहन के चालक समेत अन्य घायल यात्रियों को अस्पताल भिजवाया. प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें होटलों में ठहराया गया है।
आपको बता दें, रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे के मेदनपुर स्लाइडिंग जोन के पास आज सुबह करीब 10 बजे एक बस (UK12 PB 0013) दीवार से टकरा गई. घटना के बाद चालक बेहोश हो गया, जबकि कुछ यात्री घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी और चौकी प्रभारी तिलवाड़ा सतेन्द्र नेगी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने देखा कि ड्राइवर अपनी ड्राइविंग सीट पर बेहोश पड़ा हुआ था और बस में सवार लोग डरे सहमे बैठे थे और कुछ बाहर खड़े थे.
उन्होंने स्थानीय लोगों की मदद से चालक समेत अन्य घायलों को निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तिलवाड़ा भेजा. बस यात्रियों ने बताया कि वे राजस्थान से केदारनाथ धाम यात्रा के लिए आए हैं और केदारनाथ धाम की यात्रा पूरी कर अब बद्रीनाथ धाम जा रहे थे। वाहन में चालक समेत कुल 28 लोग सवार थे।
चौकी प्रभारी तिलवाड़ा के नेतृत्व में सभी यात्रियों को फिलहाल पास के होटलों में ठहराया गया है. इन सभी यात्रियों को बद्रीनाथ धाम भेजने की व्यवस्था की जा रही है। अंचल अधिकारी रुद्रप्रयाग प्रबोध कुमार घिल्डियाल और एआरटीओ रुद्रप्रयाग भी मौके पर मौजूद हैं।


Recent Comments