रुड़की , पहाड़ न्यूज टीम

राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष डा . कल्पना सैनी को राज्यसभा सदस्य का उम्मीदवार भारतीय जनता पार्टी ने घोषित किया है. डा कल्पना सैनी लंबे समय से संगठन से जुड़ी हुई हैं। उनके पिता स्व. डा. पृथ्वी सिंह विकसित 1991 में पहली बार रुड़की विधानसभा सीट से भाजपा के टिकट पर चुनाव जीता था और उत्तर प्रदेश में सिंचाई राज्य मंत्री रह चुके हैं।

रुड़की के आवास विकास में रहने वाली डा . कल्पना सैनी भाजपा के हरिद्वार जिले की जिलाध्यक्ष थीं। इसके अलावा उन्होंने श्री गांधी महिला शिल्प इंटर कॉलेज रुड़की से अध्यापन कार्य शुरू किया। उन्होंने संस्कृत में पीएचडी की है। बाद में वह इस स्कूल की प्रिंसिपल भी रहीं।

इसके बाद उन्हें भाजपा सरकार ने राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग का अध्यक्ष मनोनीत किया। डा कल्पना के पति डा . नाथीराम सैनी आयुर्वेद चिकित्सक हैं, वे समाज सेवा में भी सक्रिय हैं। उनके दो बच्चे है एक बेटा और एक बेटी। रुड़की शहर के लिए यह पहला मौका है जब कोई स्थानीय व्यक्ति पहली बार राज्यसभा जा रहा है।

पार्टी अनुशासन पर जोर

डा. कल्पना सैनी ने रुड़की और कलियार विधानसभा सीटों से टिकट की दावेदारी करती रहीं। हमेशा उन्होंने पार्टी फोरम पर ही अपनी बात कही और पार्टी अनुशासन पर उन्होंने हमेशा जोर दिया । डा कल्पना सैनी को राजनीति विरासत में मिली है। उनके पिता डा . पृथ्वी सिंह विकास संघ का एक बड़ा चेहरा रहे हैं।

इसके अलावा साल 1991 में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ा और जीत हासिल की और उन्हें उत्तर प्रदेश सरकार में सिंचाई राज्य मंत्री बनाया गया। इसके बाद 1993 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने फिर से जीत हासिल की, हालांकि उत्तराखंड के गठन के बाद उन्होंने बहादराबाद सीट से भाजपा के टिकट पर दो बार चुनाव लड़ा लेकिन हार का सामना करना पड़ा।

कार्यकर्ताओं में खुशी

डा. कल्पना सैनी को राज्यसभा सदस्य घोषित कर भाजपा कार्यकर्ताओं में भी खुशी की लहर है। वहीं सैनी समाज ने भी इसे अपनी बड़ी उपलब्धि बताया है. दरअसल, कुछ समय से सैनी समाज के विभिन्न सामाजिक संगठनों की ओर से लगातार नाराजगी थी कि भारतीय जनता पार्टी का वोट बैंक होने के बावजूद सैनी समाज को पार्टी द्वारा उचित सम्मान नहीं दिया जा रहा है.