राजधानी देहरादून स्थित मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र यानी डोईवाला में शहीद सुधीर क्षेत्री और धीरज थापा की प्रतिमा का आज सूबे के पूर्व कैबिनेट मंत्री हीरा सिंह बिष्ट और नगर पालिकाध्यक्ष सुमित्रा मनवाल ने लोकार्पण कर दिया। प्रतिमा का निर्माण शहीद के परिजनों ने कराया था। इस दौरान प्रतिमा स्थल पर सुधीर क्षेत्री और धीरज थापा अमर रहे के नारे गूंजते रहे। दरअसल क्षेत्र के निवासी नायक सुधीर क्षेत्री और धीरज थापा जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा सीमा पर तैनात थे। 10 जुलाई-2002 को सुधीर क्षेत्री और 2005 में धीरज थापा शहीद हुए थे। जिनकी प्रतिमा का पूर्व कैबिनेट मंत्री हीरा सिंह बिष्ट ने रिबन काटकर लोकार्पण किया है। अपने संबोधन में हीरा सिंह बिष्ट ने कहा कि शहीद हमारे लिए पूजनीय है क्योंकि वह हमारी सुरक्षा अमन शांति के लिए एक देवदूत के रूप में कार्य करते हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के विशेष कार्याधिकारी धीरेंद्र सिंह पंवार भी उपस्थित हुए ।