रुड़की , पहाड़ न्यूज टीम
हाल ही में लीज रिन्यूअल कराने के नाम पर 25 लाख रुपये की रिश्वत मांगने का एक ऑडियो वायरल हुआ था. जिसके लिए फॉरेंसिक लैब को जांच के लिए भेजा गया था। जांच में वायरल ऑडियो में सुनाई देने वाली आवाज रुड़की के मेयर गौरव गोयल से मेल खा रही है. वहीं, जांच रिपोर्ट आने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर सरकार को पत्र भेज कर आगे की कार्रवाई की मांग की है.
आपको बता दें कि कुछ महीने पहले रुड़की में एक ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। ऑडियो में चर्चा थी कि रुड़की के मेयर गौरव गोयल एक लीज की गई संपत्ति के नवीनीकरण के लिए 25 लाख की मांग कर रहे हैं। वहीं, ऑडियो वायरल होने के बाद संपत्ति के दावेदार सुबोध गुप्ता ने सिविल लाइन कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया. सुबोध ने आरोप लगाया था कि मेयर गौरव गोयल ने उनकी संपत्ति के नवीनीकरण के एवज में 25 लाख की मांग की है।
वहीं आरोप है कि अलग-अलग फोन नंबरों से भी पैसे की मांग की गई है. मामले में शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने कोतवाली सिविल लाइन में मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. कथित ऑडियो को जांच के लिए फोरेंसिक लैब भेजा गया था। जिसके साथ मेयर गौरव गोयल की आवाज का सैंपल भी भेजा गया। वहीं वायरल ऑडियो में मेयर ने अपनी आवाज होने से इनकार किया. अब करीब पांच महीने बाद फॉरेंसिक लैब से जांच रिपोर्ट आई है, जिसमें मेयर गौरव की आवाज के ऑडियो का सैंपल से मिलान किया गया है.
मामले में जांच अधिकारी संजय नेगी ने कहा कि मेयर की आवाज के सैंपल का ऑडियो से मिलान किया गया है. मामले में शासन को पत्र भेजा गया है, जिसमें आगे की कार्रवाई के लिए अनुशंसा मांगी गई है। वहीं, इस संबंध में मेयर गौरव गोयल का कहना है कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं है.

