देहरादून, पहाड़ न्यूज टीम

उत्तराखंड में चंपावत उपचुनाव संपन्न होने के साथ ही अब राज्य में पंचायत की विभिन्न रिक्त सीटों के लिए चुनाव कार्यक्रम निर्धारित किया गया है. राज्य चुनाव आयोग की ओर से चुनाव कार्यक्रम तय करते हुए मतदान की तिथि 27 जून और मतगणना की तिथि 29 जून निर्धारित की गई है.

राज्य के 12 जिलों के लिए राज्य चुनाव आयोग ने पंचायत चुनाव में रिक्त सीटों के लिए अधिसूचना जारी की है. राज्य चुनाव आयोग की अधिसूचना जारी होने के बाद जिलों के जिलाधिकारी क्षेत्रीय स्तर पर रिक्त सीटों के संबंध में अलग से अधिसूचना जारी करेंगे. राज्य के हरिद्वार जिले को छोड़कर सभी 12 जिलों में जो पद खाली पड़े थे। उन पर चुनाव का कार्यक्रम तय कर दिया गया है। चुनावी कार्यक्रम के तहत 13 जून और 14 जून को नामांकन किया जा सकता है. वहीं 16 जून को निकासी का आखिरी दिन रखा गया है. मतदान की तिथि 27 जून निर्धारित की गई है, इसलिए मतगणना 29 जून को होगी.

बता दें कि प्रदेश में ग्राम सभा सदस्यों से लेकर जिला पंचायत सदस्यों तक के कई पद रिक्त चल रहे हैं. ग्राम सभा स्तर पर सदस्यों के लिए 4821 सदस्यों के लिए चुनाव होंगे। वहीं, 169 गांवों में प्रधान के रिक्त पदों पर चुनाव होगा. क्षेत्र पंचायत सदस्यों के रूप में 21 रिक्त पदों पर चुनाव होने जा रहे हैं, जबकि तीन रिक्त जिला पंचायत सदस्यों के पदों पर भी चुनाव होगा.