रुद्रप्रयाग , पहाड़ न्यूज टीम
एक ओर देश के साथ-साथ प्रदेश में भी ‘अग्निपथ’ योजना का कड़ा विरोध हो रहा है. वहीं, पुलिस भर्ती को लेकर युवाओं में जबरदस्त उत्साह है। जिले में चल रही पुलिस भर्ती को लेकर युवाओं में खासा उत्साह है। पिछले तीन दिनों में, भर्ती के लिए बुलाए गए कुल 1800 में से 1286 उम्मीदवार शारीरिक दक्षता परीक्षा में शामिल हुए हैं।
सिविल पुलिस, पीएसी, फायरमैन पुरुष और महिला कांस्टेबल भर्ती (उत्तराखंड पुलिस भर्ती) के लिए जिले में कुल 7470 उम्मीदवारों का पंजीकरण किया गया है। जिसमें 4844 पुरुष और 2626 महिला उम्मीदवार शामिल हैं. गत 15 जून से गुलाबराय मैदान में पुरुष अभ्यर्थियों की शारीरिक मानक एवं दक्षता परीक्षा में प्रतिदिन 600 अभ्यर्थियों का शारीरिक मानक एवं दक्षता परीक्षण चल रहा है। भर्ती प्रक्रिया के पहले दिन 600 में से 436, दूसरे दिन 600 में से 408 और तीसरे दिन 600 में से 442 परीक्षार्थी शामिल हुए. भर्ती प्रक्रिया के तहत शारीरिक माप (ऊंचाई और छाती माप) के बाद क्रिकेट बॉल थ्रो, लंबीकूद, चिनिंग अप, दण्ड-बैठक एवं दौड़ लगाई जा रही है।
हर आयोजन राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में कराया जा रहा है। इस भर्ती प्रक्रिया में भाग लेने वाले युवाओं में उत्साह देखा जा रहा है। पुलिस अधीक्षक आयुष अग्रवाल ने भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे किसी अराजक तत्व के बहकावे में न आएं. यदि कोई व्यक्ति भर्ती के संबंध में किसी भी उम्मीदवार से पैसे का लेन-देन या किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी करने की कोशिश करता है, तो तुरंत इसकी शिकायत व्हाट्सएप नंबर 9410303070 पर करें। अपनी पहचान को गोपनीय रखते हुए दोषियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस स्वच्छ, सफल और निष्पक्ष पुलिस भर्ती के लिए प्रतिबद्ध है।


Recent Comments