देहरादून , पहाड़ न्यूज टीम

सेना में नई भर्ती योजना ‘अग्निपथ’ का विरोध बढ़ता ही जा रहा है. इस विरोध प्रदर्शन में युवाओं समेत कई राजनीतिक दल शामिल हैं। विरोध दिन-ब-दिन उग्र होता जा रहा है। देश के कई हिस्सों में ट्रेनों में आग लगा दी गई है. प्रदर्शनकारियों ने कई जगहों पर सार्वजनिक संपत्ति के अलावा निजी संपत्तियों को भी नुकसान पहुंचाया है.

रेलवे को बिहार में ही करोड़ों का नुकसान हुआ है.

इन सब में भी प्रदर्शनकारियों ने रेलवे को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाया है. ट्रेन की बोगियों के अलावा रेलवे स्टेशन आदि को भी काफी नुकसान पहुंचा है. . एक अधिकारी के अनुसार रेलवे को बिहार में ही अब तक लगभग 700 करोड़ का नुकसान हो चुका है।

इन विरोधों का सबसे उग्र रूप बिहार में ही देखने को मिला है. बिहार में अब तक प्रदर्शनकारियों ने 60 बोगियों और 11 इंजनों को आग के हवाले कर दिया है. इनकी अनुमानित कीमत करीब 700 करोड़ रुपए है। इतने पैसे में बिहार को करीब 10 नई ट्रेनें मिल सकती थीं। वहीं विरोध को थमता नहीं देख अब रेलवे ने भी कदम उठाने शुरू कर दिए हैं. स्टेशनों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। और यहां रात 8 बजे से सुबह 4 बजे तक ट्रेनें नहीं चलाने का फैसला किया गया है।

नेताओं की बढ़ाई गई सुरक्षा

इसके साथ ही बिहार में उपमुख्यमंत्री समेत बीजेपी के 12 नेताओं की सुरक्षा बढ़ा दी गई है. उल्लेखनीय है कि प्रदर्शनकारियों ने उपमुख्यमंत्री रेणु देवी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष समेत कई भाजपा नेताओं के आवास पर हमला किया। इसे देखते हुए सरकार ने एहतियात के तौर पर यह कदम उठाया है।

सरकार ने उठाए कुछ कदम

वहीं, बढ़ते हंगामे को देखते हुए सरकार ने योजना से जुड़ी कुछ घोषणाएं की हैं. अब सेना में 4 साल की सेवा के बाद ‘अग्निवर’ को रक्षा मंत्रालय की भर्ती में 10% आरक्षण मिलेगा। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इसके प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। यह रिजर्वेशन इंडियन कोस्ट गार्ड, डिफेंस सिविलयन पोस्ट और 16 डिफेंस पीएसयू में उपलब्ध होगा। गृह मंत्रालय ने सीएपीएफ और असम राइफल्स में अग्निवीरों के लिए 10% आरक्षण की भी घोषणा की है। लेकिन इन फैसलों के बाद भी बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा है.