हरिद्वार , पहाड़ न्यूज टीम
कुछ धोखेबाज ही शादी जैसे पवित्र बंधन की शुरुआत धोखे से करते हैं. ऐसा ही एक ताजा मामला कनखल थाना क्षेत्र में सामने आया है। एक मां ने तहरीर में पुलिस को बताया कि एक युवक पहले उसकी बेटी को बहला-फुसलाकर ले गया। फिर कोर्ट में झूठे दस्तावेज दिखाकर शादी कर ली। अब महिला ने आरोपी के खिलाफ उसे व उसकी बेटी की जान को खतरा बताते हुए केस दर्ज कराया है।
कनखल पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कनखल क्षेत्र के ग्राम जमालपुर कलां निवासी एक महिला ने पुलिस को बताया कि उसकी बेटी की जान पहचान सोमांश निवासी गांव सलेमपुर महदूद रानीपुर से थी . आरोप है कि कुछ दिन पहले सोमांश उसकी बेटी को बहला-फुसलाकर ले गया। बाद में सोमांश ने उन्हें बताया कि उसने उनकी बेटी से कोर्ट मैरिज कर ली है। उसने उन्हें शादी के दस्तावेज भी दिखाए।
लेकिन शक होने पर जब वह ज्वालापुर तहसील पहुंचे और कोर्ट मैरिज से जुड़े दस्तावेजों की जांच की तो पता चला कि सोमांश ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर कोर्ट मैरिज के फर्जी दस्तावेज तैयार किए थे. इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर फर्जी तरीके से शादी की गई। इस बारे में जब उसने सोमांश से बात की तो उसने गालियां दी और गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी। एसएचओ कनखल मुकेश चौहान ने बताया कि आरोपी सोमांश, उसके पिता और उसके दो दोस्तों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है. जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।

