मसूरी, पहाड़ न्यूज टीम

देहरादून के मसूरी में हुए अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है. गुरुवार को एसडीएम मसूरी नरेश दुर्गापाल के नेतृत्व में रखे गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की गई. इस दौरान लोगों के विरोध को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया. मसूरी शहर में पहली बार स्थानीय प्रशासन ने पुलिस के सहयोग से अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ही दिन में 126 जगहों पर बुलडोजर चलाकर सड़कों को साफ किया. बाटाघाट, पुरानी टिहरी बस अड्डे और मैसानिक बस अड्डे के पास लोगों ने अभियान का विरोध किया, लेकिन प्रशासन ने अभियान जारी रखा.

प्रशासन ने मसूरी में सड़क किनारे हुए अतिक्रमण पर कार्रवाई शुरू कर दी है. इसको लेकर लोगों का भारी विरोध भी हो रहा है. लोगों का कहना है कि प्रशासन और नगर पालिका द्वारा कुछ लोगों की पहचान की जा रही है, जो गलत है। उन्होंने कहा कि पूरे मसूरी में अतिक्रमण हो रहा है. ऐसे में कुछ लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है.

वहीं एसडीएम नरेश दुर्गापाल ने कहा कि मसूरी में अतिक्रमण किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने लोक निर्माण विभाग, राजस्व राष्ट्रीय राजमार्ग और मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ अतिक्रमण की पहचान की है. पूर्व में अतिक्रमणकारियों को अतिक्रमण हटाने के लिए कहा गया था।

उधर, एसडीएम नरेश चंद्र दुर्गापाल के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में किंक्रेग में एक दुकान को सील कर दिया गया है. इसी तरह टिहरी बस स्टैंड के पास कुछ लोगों ने टीम का विरोध किया, लेकिन बुलडोजर चलता रहा. प्रशासन की टीम ने बालाहिसार, बाटाघाट से किंक्रेग तक अवैध खोखे भी हटाए।

जिलाधिकारी के निर्देश पर मसूरी क्षेत्र में एसडीएम नरेश चंद्र दुर्गापाल के नेतृत्व में 126 स्थानों पर अतिक्रमण हटाया गया. इनमें बाटाघाट, मोतीलाल मार्ग, कैंपटी रोड, बस स्टेंड और किंग्रेग आदि स्थान शामिल हैं। एसडीएम मसूरी के नेतृत्व में पुलिस, लोनिवि, नगर निगम और राष्ट्रीय राजमार्ग सहित स्थानीय लोगों की मदद से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई है. साथ ही लोगों को सरकारी जमीन पर दोबारा अतिक्रमण न करने की चेतावनी दी गई और संबंधित विभागों को निर्देश दिया गया कि उनकी जमीन पर पर कब्जा लेने सहित अतिक्रमण न होने देने के निर्देश दिए गए .