पिथौरागढ़ : शुक्रवार को हुए भूस्खलन के बाद पिथौरागढ़ के धारचूला तल्ली बाजार में 54 घरों पर खतरा मंडरा रहा है. शुक्रवार को हुए भूस्खलन में आधा दर्जन घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। तब से लगातार राहत कार्य के लिए एसडीआरएफ और सेना के जवानों को यहां तैनात किया गया है। खतरे को देखते हुए 54 परिवारों को दूसरी जगह शिफ्ट करने के लिए सेना और एसडीआरएफ को उतारना पड़ा.

धारचूला में शुक्रवार से अफरातफरी का माहौल है। बताया जा रहा है कि बोल्डर गिरने से राहत कार्य में अभी देरी हो रही है. धारचूला में एलधारा के पास स्थित यह बेहद नाजुक है। टनकपुर-तवाघाट हाईवे पर दस मीटर से ज्यादा गड्ढा बन चुका है। जमीन अस्सी मीटर ऊपर से टूट रही है। पानी का स्रोत जमीन के अंदर से फट गया है। जिससे यहां से मलबा हटाना संभव नहीं है। यहां काम कर रही हिलवेज कंपनी ने मलबा हटाने में हाथ बढ़ाया है।

मशीन लगते ही ऊपर से पत्थर गिरने लगते हैं, जिससे जेसीबी मशीनों के संचालकों ने भी हाथ खड़े कर दिए हैं। प्रशासन के पास प्रभावित क्षेत्र में बसे परिवारों को घरों से निकालने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है. 54 परिवारों को अलग-अलग कैंपों में रखा गया है. ऐसे कई परिवार हैं जो अपने रिश्तेदार के यहां भी गए हैं। एलधारा के पास गंभीर स्थिति को देखते हुए दोनों तरफ सेना और एसएसबी के जवानों को तैनात किया गया है.