श्रीनगर : टिहरी तोताघाटी के पास सेल्फी लेने के दौरान एक महिला गहरी खाई में गिर गई थी . हादसे में महिला की मौत हो गई थी, लेकिन अब इस मामले में एक नया मोड़ आ गया है. इस मामले में पुलिस हर पहलू से जांच कर रही थी, पुलिस ने बताया कि पति ने पत्नी को खाई में धकेल दिया था. पुलिस ने आरोपी पति राहुल को उसके मुरादाबाद स्थित घर से गिरफ्तार कर लिया है।

भाई ने दी थी तहरीर : नवविवाहिता प्रियंका (27) की मौत के मामले में मृतक के भाई द्वारा पति राहुल सैनी के खिलाफ थाने देवप्रयाग में रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद पुलिस ने राहुल को उसके मुरादाबाद स्थित घर से गिरफ्तार कर लिया. दो अगस्त को नवविवाहित प्रियंका अपने पति राहुल सैनी के साथ बाइक से केदारनाथ से घर लौट रही थी। तोताघाटी के समीप सौड़पाणी में कथित रूप से सेल्फी लेते उसकी खाई में गिरने से मौत होने की बात पति राहुल द्वारा पुलिस को दी गयी थी ।

पति करता था दहेज की मांग : प्रियंका के भाई गौरव कुमार ने घटना की शिकायत देवप्रयाग थाने में की थी. उधर, उसके भाई की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी राहुल को मुरादाबाद स्थित उसके घर से गिरफ्तार कर लिया. तहरीर में प्रियंका के भाई गौरव कुमार ने बताया कि उनकी बहन प्रियंका और राहुल सैनी की लव मैरिज 7 जुलाई को घरवालों के विरोध के बावजूद हुई थी. लव मैरिज के बाद भी राहुल सैनी दहेज की मांग को लेकर प्रियंका से झगड़ता था।

हरिद्वार जाने की बात कहकर घर से निकला था : 31 जुलाई को राहुल सैनी प्रियंका को लेकर केदारनाथ के लिए यह कहकर निकल गए थे कि वह उन्हें हरिद्वार ले जाएंगे । 2 अगस्त को लौटते समय सौड़पाणी के पास राहुल ने प्रियंका को खाई में धकेल दिया, जिससे प्रियंका की मौके पर ही मौत हो गई. एसएचओ देवराज शर्मा के मुताबिक गौरव कुमार की तहरीर के आधार पर राहुल सैनी (28) के खिलाफ 304 बी,323 व 3-1 द एससी एसटी के तहत मामला दर्ज किया गया है. इस मामले में सीओ नरेंद्रनगर रविंद्र चमोली को जांच अधिकारी बनाया गया है.