देहरादून : अधीनस्थ सेवा चयन आयोग पर लगातार उंगलियां उठ रही हैं और आयोग पेपर लीक मामले को लेकर सुर्खियों में है. यूकेएसएसएससी पेपर लीक मामले में अन्य लोगों के नाम भी जांच के दायरे में हैं, जिसकी जांच की जा रही है। इस बीच, एसटीएफ ने पिछले दिन यूकेएसएसएससी पेपर लीक मामले की कड़ियों को जोड़ते हुए उत्तरकाशी के जिला पंचायत सदस्य हाकम सिंह को गिरफ्तार कर लिया. हाकम सिंह की गिरफ्तारी के बाद भाजपा ने उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया है ।

एसटीएफ के रडार पर थे हाकम सिंह : ज्ञात हो कि पेपर लीक मामले में एसटीएफ अब तक 18 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुका है। उत्तरकाशी के जिला पंचायत सदस्य हाकम सिंह लगातार एसटीएफ के रडार पर थे. आरोपी हाकम सिंह रावत इससे पहले विदेश भाग गया था।

अब हिमाचल भागने की कोशिश कर रहा था। एसटीएफ ने देर रात हिमाचल सीमा पर हाकम सिंह को गिरफ्तार किया है। एसटीएफ से पूछताछ में पता चला है कि हाकम सिंह पहले भी कई भर्तियों में धांधली कर चुका है। हकम सिंह उत्तर प्रदेश के किसी नकल माफिया के संपर्क में था। ऐसे में यूपी के कुछ लोग भी एसटीएफ के रडार पर हैं. वहीं, एसटीएफ का कहना है कि जल्द ही मामले में तीन से चार और हाई प्रोफाइल गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं। एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया था कि पेपर लीक मामले की मुख्य कड़ी हाकम सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है.

पार्टी निष्कासित: आपको बता दें कि उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा 4 व 5 दिसंबर 2021 को स्नातक स्तर के 915 पदों पर आयोजित भर्ती परीक्षा में पेपर लीक की शिकायत काफी समय से मिल रही थी. इस मामले में खुद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संज्ञान लिया और कड़ी कार्रवाई की बात कही. इस पूरे प्रकरण में एसटीएफ अब तक 18 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।

वहीं पेपर लीक मामले में राजनीतिक दखल को लेकर शुरू से ही चर्चा जोरों पर थी और भाजपा नेता हाकम सिंह की गिरफ्तारी के बाद मामला फिर गरमा गया. लेकिन इसके बावजूद संगठन की ओर से इस मामले पर चुप्पी सवाल खड़े कर रही थी. उनकी गिरफ्तारी के बाद भाजपा ने उन्हें छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया।

यूकेएसएसएससी पेपर लीक मामले में 18 आरोपी गिरफ्तार: गौरतलब है कि 24 जुलाई को उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग में धोखाधड़ी को लेकर बड़ा खुलासा हुआ था. इस मामले में उत्तराखंड एसटीएफ की टीम ने 18 लोगों को गिरफ्तार किया है। जिसमें परीक्षा कराने वाली कंपनी के तकनीकी कर्मचारी, आयोग के होमगार्ड, कोचिंग संचालक और कुछ मुन्नाभाई शामिल थे. सचिवालय में तैनात अपर सचिव को भी गिरफ्तार किया गया है. उत्तराखंड एसटीएफ ने उत्तरकाशी के जिला पंचायत सदस्य हाकम सिंह को हिमाचल सीमा से गिरफ्तार किया है. वहीं, चयन आयोग के अध्यक्ष एस राजू ने इस्तीफा दे दिया है।