देहरादून: भारतीय बैडमिंटन स्टार लक्ष्य सेन के माता-पिता से सीएम धामी ने सीएम आवास पर मुलाकात की. सीएम धामी ने लक्ष्य की उपलब्धि पर लक्ष्य सेन के पिता डीके सेन को बधाई दी। इस दौरान सीएम धामी ने गोल्ड मेडल विजेता लक्ष्य सेन से वीडियो कॉल के जरिए बात की.

आपको बता दें कि लक्ष्य सेन ने राष्ट्रमंडल खेल 2022 में पुरुष बैडमिंटन एकल में स्वर्ण पदक जीता है। उन्होंने पुरुष एकल बैडमिंटन के फाइनल मैच में मलेशिया के जी योंग एनजी को हराया। इस मैच में लक्ष्य सेन ने जी योंग को 19-21, 21-9, 21-16 से हराया।
कौन हैं लक्ष्य सेन: उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में 16 अगस्त 2001 को जन्में लक्ष्य सेन अब तक स्पेन में हुए विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीत चुके हैं। तो वहीं, टीम को जर्मन ओपन में सिल्वर मेडल, आल इंग्लैंड टूर्नामेंट में सिल्वर, दिल्ली में हुए इंडिया ओपन में गोल्ड मेडल और थॉमस कप में टीम को गोल्ड मेडल मिला है.
10 साल की उम्र में जीता पहला अंतरराष्ट्रीय खिताब :लक्ष्य सेन ने चार साल की उम्र से खेलना शुरू किया था। लक्ष्य की 10वीं तक की शिक्षा बीयरशिवा स्कूल, अल्मोड़ा में ही हुई। लक्ष्य सेन के दादा सीएल सेन को अल्मोड़ा में बैडमिंटन का जनक कहा जाता है। लक्ष्य के पिता डीके सेन बैडमिंटन के जाने-माने कोच हैं और वर्तमान में प्रकाश पादुकोण अकादमी से जुड़े हुए हैं। लक्ष्य सेन ने 10 साल की उम्र में अपना पहला अंतरराष्ट्रीय खिताब जीता था, उसके बाद से उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा।

