पौड़ी : वीर चंद्र सिंह गढ़वाली पर्यटन स्वरोजगार योजना एवं दीन दयाल उपाध्याय गृह आवास होमस्टे योजना की बैठक जिलाधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदण्डे की अध्यक्षता में एनआईसी कक्ष में आयोजित की गयी. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्वरोजगार के लिए आने वाले आवेदनों की जांच कर योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। जिससे वह समय पर योजना का लाभ उठा सकेंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि बैंक स्तर पर लंबित आवेदनों की स्वीकृति सुनिश्चित की जाए. इस दौरान उन्होंने वीर चंद्र सिंह गढ़वाली स्वरोजगार योजना में वाहन मद के साक्षात्कार से संबंधित आवेदन पत्र से वाहन, व्यवसाय व कार्यक्षेत्र की पूरी जानकारी ली.

जिलाधिकारी की ओर से आयोजित बैठक में संबंधित आवेदकों को अपने दस्तावेज बैंकों में समय से जमा कराने को कहा गया. इससे बैंक को कर्ज देने में आसानी होगी। उन्होंने आवेदकों से कहा कि होटल और होमस्टे के नक्शे जरूर पास करें। इस दौरान उन्होंने आवेदकों से वाहन संचालन और होम स्टे के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने को कहा. उन्होंने कहा कि स्वरोजगार को अत्यधिक प्रोत्साहित किया जाना चाहिए, जिससे आय में वृद्धि होगी।
साथ ही उन्होंने कहा कि जिन आवेदकों के दस्तावेज अधूरे रह गए हैं, वे समय पर दस्तावेजों को पूरा कर पर्यटन विभाग में जमा करें. ताकि समय रहते आगे की कार्रवाई की जा सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्वरोजगार करने वाले लोगों को योजना के तहत अधिकतम स्वरोजगार प्रदान करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने संबंधित अधिकारियों को लोगों को होम स्टे योजना की जानकारी देने के निर्देश दिए, ताकि वे भी योजनाओं का लाभ उठा सकें.
इस दौरान वीर चंद्र सिंह गढ़वाली पर्यटन स्वरोजगार योजना के तहत 10 और दीन दयाल उपाध्याय होमस्टे योजना के तहत 10 आवेदन जमा किए गए. जिसमें 06 आवेदकों को वाहन के लिए तथा 04 आवेदकों को गैर वाहन मद के लिए तथा होम स्टे के 10 आवेदनों में से 08 आवेदनों को स्वीकृत किया गया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अपूर्वा पांडे, एसबीआई बैंक प्रबंधक सुधांशु नेगी, डीडीएम नाबार्ड भूपेंद्र सिंह, जिला पर्यटन अधिकारी प्रकाश खत्री, परिवहन कर अधिकारी आनंद वर्धन सहित आवेदक निशा सिंह, अंकित, मुकेश गुसाई, अनूप देवरानी, विक्रम सिंह व अन्य उपस्थित थे।

