श्रीनगर: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागी के डॉक्टरों की लापरवाही का मामला सामने आया है. आरोप है कि प्रसव कराने आई गर्भवती को डॉक्टरों ने बिना जांच कराए उसे श्रीनगर हायर सेंटर रेफर कर दिया। जिससे गर्भवती ने अस्पताल के गेट पर ही बच्चे को जन्म दे दिया।

ग्राम पंचायत चपोली पट्टी तोली बनगढ़ निवासी मुकेश कुमार बीती रात अपनी पत्नी सरिता देवी को प्रसव पीड़ा होने के बाद सीएचसी बागी पहुंचे. इस दौरान उनके साथ ग्राम प्रधान छड़ियारा विनोद लाल भी थे. वहां डॉक्टरों ने सिर्फ सरिता का ब्लड प्रेशर चेक किया और फिर गर्भवती महिला को बिना कोई जांच कराए श्रीनगर हायर सेंटर रेफर कर दिया. वहीं अस्पताल के गेट पर आते ही महिला ने बच्चे को जन्म दिया.
इस संबंध में चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंजना गुप्ता ने बताया कि परिजनों ने मामले में मौखिक शिकायत की थी. परिजनों का आरोप है कि बागी सीएचसी में सिर्फ गर्भवती का ब्लड प्रेशर मापा गया. अन्य कोई चेकअप नहीं हुआ और महिला को श्रीनगर हायर सेंटर रेफर कर दिया गया, लेकिन महिला ने अस्पताल के दरवाजे पर ही बच्चे को जन्म दे दिया. इस मामले में चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि मेरे द्वारा लिखित पत्र देकर इस संबंध में स्पष्टीकरण मांगा गया है. इसकी रिपोर्ट सीएमओ को भेज दी गई है।

