हल्द्वानी : पहाड़ों पर हो रही भारी बारिश से नदियां उफान पर हैं. नैनीताल जिले के ओखलकांडा प्रखंड में गाजा का एक ग्रामीण हेड़ाखान-लूगड के पास पवास गदेरे की तेज धारा में बह गया. मौके से काफी दूर ग्रामीण का शव बरामद किया गया।

बताया जा रहा है कि जिले में पिछले दिनों से भारी बारिश हो रही है, जिससे नदियां उफान पर हैं. वहीं ओखलकांडा प्रखंड गांजा निवासी नरसिंह (52) टैक्सी से हल्द्वानी से अपने घर गांजा जा रहा था. इस दौरान हेड़ाखान-लूगड के पास पवास गदेरे में पानी का बहाव ज्यादा होने के कारण टैक्सी चालक ने वाहन को नीचे नहीं उतारा। इस दौरान नरसिंह टैक्सी से उतर कर पैदल ही गदेरे पार करने लगा, तभी अचानक गदेरे का पानी बढ़ गया। बताया जा रहा है कि लोगों ने उन्हें मना भी किया, लेकिन वह घर जल्दी जाने की बात कहकर पैदल ही गदेरे पार करने लगा. ग्रामीण को बहता देख लोगों में कोहराम मच गया।

सूचना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना विधायक राम सिंह कैड़ा को दी, जिसके बाद विधायक की सूचना पर राजस्व पुलिस, जिला प्रशासन व एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची. ग्रामीणों की मदद से शव को बरामद कर लिया गया है. विधायक राम सिंह कैड़ा ने बताया कि हेड़ाखान रोड पर मलबा आने से काफी देर बाद पहुंची रेस्क्यू टीम ग्रामीण का शव देर रात बरामद कर लिया गया है.